मरीन ड्राइव के जय जवान पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल बेचने का आरोप, मचा बवाल. जमकर विरोध प्रदर्शन, उठी कड़ी कार्रवाई की मांग, जांच शुरु
Allegations of adulterated petrol being sold at the 'Jai Jawan' petrol pump on Marine Drive have sparked an uproar. Intense protests have erupted, demands for strict action have been raised, and an investigation has been initiated.
रायपुर : राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल बेचने का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि पेट्रोल पंप के नोजल से पानी मिला हुआ पेट्रोल दिया जा रहा था. जिससे कई वाहनों के इंजन खराब हो गए. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी तादाद में वाहन मालिक मौके पर पहुंच गए.
मिली जानकारी के मुताबिक कई वाहन चालकों ने दावा किया कि उन्होंने जब इस पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाया तो कुछ ही दूरी पर उनकी गाड़ियां अचानक बंद हो गईं. कुछ मामलों में इंजन में गंभीर खराबी आने और इंजन सीज होने की स्थिति तक बन गई. इस वजह से वाहन मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.
घटना सामने आने के बाद गुस्साए वाहन चालकों और ग्राहकों ने पेट्रोल पंप पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. लोगों ने पेट्रोल पंप प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण रही.
ग्राहकों का आरोप है कि पेट्रोल में पानी की मिलावट के कारण उनके वाहनों को गंभीर नुकसान हुआ है. कई लोगों ने कहा कि वे मरम्मत का खर्च पेट्रोल पंप संचालक से वसूलने की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही सीधे जनता की सुरक्षा और आर्थिक हितों से जुड़ी हुई है.
घटना की खबर मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने हालात को कंट्रोल करने का प्रयास किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रशासनिक टीम द्वारा पेट्रोल के सैंपल लिए गए हैं. जिन्हें लैब जांच के लिए भेजा जाएगा. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि पेट्रोल में असल में मिलावट थी या नहीं.. फिलहाल पेट्रोल पंप पर लोगों का आक्रोश है और कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पेट्रोल में मिलावट की पुष्टि होती है. तो यह गंभीर लापरवाही का मामला होगा और इससे कई वाहन मालिकों को बड़ा नुकसान हुआ है. लोगों ने यह भी मांग किया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है. इस घटना ने शहर में ईंधन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



