अश्लील वीडियो बनाकर रायपुर के वकील को ब्लैकमेल करने की कोशिश, पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

An attempt was made to blackmail a Raipur lawyer by making an obscene video. Police arrested six accused, including a minor, and sent them to jail.

अश्लील वीडियो बनाकर रायपुर के वकील को ब्लैकमेल करने की कोशिश, पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

रायपुर : रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के अंतर्गत थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वकील को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया है. आरोपियों पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग करने का आरोप है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी अधिवक्ता कृष्ण कुमार त्रिपाठी को 20 मई 2026 की शाम करीब 5:27 बजे एक अनजान मोबाइल नंबर से मिस कॉल आया था. जब प्रार्थी ने कॉल बैक किया तो आरोपी पक्ष ने एक वीडियो भेजने की बात कही. इसके बाद दूसरे मोबाइल नंबर से एक अश्लील वीडियो भेजा गया. जिसे देखकर प्रार्थी घबरा गया.
कुछ समय बाद फिर से उसी नंबर से कॉल कर प्रार्थी को धमकी दी गई कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर उसकी बदनामी की जाएगी. आरोपियों ने बदनामी से बचने के लिए 50,000 रुपये की मांग की. जब प्रार्थी ने पैसे देने से इंकार किया, तो उसे लगातार धमकियां दी जाने लगीं.
इसके बाद पीड़ित ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 289/26 के तहत धारा 308(2), 3(5) बीएनएस तथा 67 आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया.
पुलिस टीम ने दबिश देकर कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया. जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों में तामेश्वर सोनवानी (उम्र 19 साल), राजकुमार कुर्रे (उम्र 18 साल), कोमल यादव (उम्र 21 साल), छोटू टंडन (उम्र 20 साल) और सैय्यद सैफ अली (उम्र 30 साल) सहित अन्य शामिल हैं.
सभी आरोपी रायपुर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह एक संगठित गिरोह की तरह काम कर रहा था. जो लोगों को फंसाकर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता था. प्रारंभिक जांच में अन्य पीड़ितों के सामने आने की संभावना भी जताई जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t