रायपुर में सुलझी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, पुराने लेन-देन के विवाद में युवक की धारदार हथियार से हत्या, 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

Blind murder mystery solved in Raipur; young man killed with sharp weapon over old financial dispute; two accused arrested within 24 hours, knife recovered.

रायपुर में सुलझी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, पुराने लेन-देन के विवाद में युवक की धारदार हथियार से हत्या, 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

रायपुर : गंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का रायपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि पुराने लेन-देन के विवाद की वजह से युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था. गंभीर रुप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक 28 मई की रात करीब 12:30 बजे आशीष गरुड पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की खबर मिली थी. उसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उसके बाएं हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें पाई गईं. शुरुआती जांच के आधार पर गंज थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई थी.
इलाज के दौरान आशीष की हालत लगातार नाजुक बनी रही और बाद में मेकाहारा अस्पताल में उसकी मौत हो गई. इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए जांच तेज कर दी.
आख़री बार आरोपी के साथ देखा गया था मृतक
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की. इसमें पता चला कि आशीष को आखिरी बार राज नायक के साथ देखा गया था. पुलिस ने जब राज नायक की पड़ताल की तो उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली। इससे उस पर शक और गहरा हो गया.
दर्जन भर CCTV फुटेज खंगाले
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गंज थाना पुलिस ने एसीसीयू रायपुर क्राइम ब्रांच, गुढ़ियारी थाना और रामनगर चौकी की मदद ली. संयुक्त टीम ने तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन और आसपास लगे एक दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले.
जांच में यह भी सामने आया कि प्रकाश सोना उर्फ टेरा पुलिस को गुमराह करने के लिए लगातार उल्टा बयान दे रहा था. वहीं सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दीं.
पूछताछ में कबूला जुर्म
सबूतों के आधार पर पुलिस ने राज नायक और प्रकाश सोना उर्फ टेरा से सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया. आरोपियों ने बताया कि आशीष के साथ पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. घटना वाली रात इसी बात को लेकर कहासुनी हुई. जिसके बाद राज नायक ने धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. वारदात के बाद राज नायक, प्रकाश सोना के साथ साइकिल से मौके से फरार हो गया था.
हथियार बरामद, कोर्ट में पेश
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार और दुसरे अहम सबूत बरामद किए हैं. साथ ही सीसीटीवी फुटेज को भी वैज्ञानिक सबूत के रुप में सुरक्षित किया गया है. पुख्ता सबूत मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t