गरियाबंद में किसान के घर से चुराई खाद, ग्रामीणों ने चोरों को दी अनोखी सजा, कंधे पर बोरी लादकर ढोल-नगाड़े के साथ गांव में घुमाया, वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

Fertilizer stolen from a farmer's home in Gariaband; villagers handed out a unique punishment to the thieves—parading them through the village with sacks loaded on their shoulders to the beat of drums. The video has gone viral, causing a stir.

गरियाबंद में किसान के घर से चुराई खाद, ग्रामीणों ने चोरों को दी अनोखी सजा, कंधे पर बोरी लादकर ढोल-नगाड़े के साथ गांव में घुमाया, वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

गरियाबंद/मैनपुर : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक में ओडिशा सीमा से लगे झोलाराव गांव से कथित तौर पर दो युवकों को खाद चोरी के आरोप में रस्सी से बांधकर गांव में घुमाने का मामला सामने आया है. घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुपों में वायरल होने की जानकारी सामने आई है.
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात गांव में एक किसान के घर से खाद की दो बोरियां चोरी होने की बात सामने आई. इसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की. बुधवार को ग्रामीणों ने प्रभु और कृष्णा नाम के दो युवकों को कथित चोरी के मामले में पकड़ लिया. ग्रामीणों का दावा है कि दोनों के पास से चोरी की गई खाद की बोरियां भी मिलीं.
इसके बाद दोनों युवकों को कथित तौर पर रस्सी से बांधकर सार्वजनिक रूप से गांव में घुमाया गया. उनके कंधों पर खाद की एक-एक बोरी रखी गई और ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला गया. जुलूस देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटने की बात कही जा रही है. महिलाओं और बच्चों के भी मौके पर पहुंचने की जानकारी है.
फोटो-वीडियो वॉट्सऐप ग्रुप में वायरल
मामले से जुड़े फोटो और वीडियो वॉट्सऐप ग्रुपों में वायरल होने की बात सामने आई है. गौरगांव के सरपंच चिमन नेताम ने बताया कि उन्होंने वॉट्सऐप ग्रुप में घटना से संबंधित फोटो और वीडियो देखे हैं. हालांकि उन्होंने घटना की प्रत्यक्ष जानकारी होने से इंकार किया है.
वहीं शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने मामले की जानकारी होने से इंकार किया है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस में कथित खाद चोरी या युवकों को रस्सी से बांधकर गांव में घुमाए जाने को लेकर शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई थी.
मामले में युवकों पर लगाए गए खाद चोरी के आरोपों की भी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है. ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर दोनों युवकों को सार्वजनिक रूप से दंडित किए जाने की घटना सामने आने के बाद पूरे मामले की चर्चा क्षेत्र में है. मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और आधिकारिक शिकायत के बाद स्पष्ट होगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?