आकाशीय बिजली का कहर, बारिश से बचने इमली पेड़ के नीचे बैठे 18 वर्षीय युवक की मौत, 4 साथी घायल, पसरा मातम, घायलों का इलाज जारी
Lightning tragedy: 18-year-old youth dies after taking shelter under a tamarind tree during rain; four companions injured; mourning prevails; treatment of the injured is underway.
सुकमा : सुकमा जिले में आकाशीय बिजली एक गांव में कहर बनकर गिरी. कुकनार थाना क्षेत्र अंतर्गत धुररास गांव के देवनाथ पारा में रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ. यहां खेत में काम कर रहे पांच युवकों पर अचानक आकाशीय बिजली गिरी जिसमें 18 वर्षीय अजय नाग की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उसके चार साथी घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज छिंदगढ़ अस्पताल में जारी है, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई है.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3 बजे देवनाथ पारा निवासी उमेश बघेल, मंगला बघेल, आशाराम बघेल, अजय नाग और आयता बघेल खेत में खेती-किसानी का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए सभी युवक पास में स्थित एक इमली के पेड़ के नीचे खड़े हो गए.
बारिश के साथ तेज गर्जना और चमक शुरु हुई. देखते ही देखते एक तेज आकाशीय बिजली सीधे इमली के पेड़ के पास गिरी. जिसकी चपेट में पांचों युवक आ गए. जोरदार धमाके के साथ सभी युवक जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण फौरन मौके पर पहुंचे और गंभीर रुप से घायल युवकों को निजी साधनों से छिंदगढ़ अस्पताल पहुंचाया.
इलाज के बाद सबसे ज्यादा गंभीर रुप से घायल अजय नाग को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. अजय की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं उमेश बघेल, मंगला बघेल, आशाराम बघेल और आयता बघेल का इलाज छिंदगढ़ अस्पताल में जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है.
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे धुररास गांव में शोक और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ ही पलों में मौसम बदलने से किसी को संभलने का अवसर नहीं मिला. प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



