मरीज के इलाज में लापरवाही पर प्रशासन का सख्त एक्शन, श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल छुरा का लाइसेंस 30 दिनों के लिए सस्पेंड

The administration took strict action against the negligence in the treatment of the patient; the license of Shri Sankalp Chhattisgarh Mission Hospital, Chhura was suspended for 30 days.

मरीज के इलाज में लापरवाही पर प्रशासन का सख्त एक्शन, श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल छुरा का लाइसेंस 30 दिनों के लिए सस्पेंड

गरियाबंद/छुरा : गरियाबंद जिले के छुरा स्थित श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल का लाइसेंस 30 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया है. कलेक्टर एवं सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आदेश में अस्पताल संचालन में गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही का उल्लेख किया गया है. यह कार्रवाई अस्पताल में उपचार संबंधी गंभीर अनियमितताओं, बिना अनुमति सीटी स्कैन संचालन और बिना विशेषज्ञ चिकित्सक के डिलीवरी कराए जाने के मामले में की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले को लेकर पूर्व में भी लगातार शिकायतें और समाचार सामने आए थे. जांच में सामने आया कि श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल में सीटी स्कैन मशीन का संचालन बिना वैधानिक अनुमति के किया जा रहा था. अस्पताल में पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत पंजीयन के बिना और बिना किसी अनुबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर के सीटी स्कैन किया जा रहा था. इतना ही नहीं, बिना अर्हताधारी चिकित्सक की उपस्थिति के मरीजों की जांच कर रिपोर्ट भी जारी की जा रही थी.
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, बिना आवश्यक अनुमति कुछ सेवाओं के संचालन तथा मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड में विसंगतियों को लेकर जांच की गई थी. जांच रिपोर्ट और अस्पताल प्रबंधन के जवाब का परीक्षण करने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है.
आदेश के मुताबिक अस्पताल में संचालित कुछ सेवाओं को नियमों के खिलाफ पाया गया. वहीं जांच टीम ने अस्पताल प्रबंधन का जवाब असंतोषजनक माना. जिसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापना अनुज्ञापन नियमों के तहत अस्पताल का लाइसेंस 30 दिनों के लिए सस्पेंड किया गया है.
प्रशासन ने साफ किया है कि निलंबन अवधि के दौरान अस्पताल में किसी भी तरह का इलाज, भर्ती अथवा चिकित्सा सेवा संचालित नहीं की जाएगी. अगर आदेश का उल्लंघन करते हुए अस्पताल संचालन या मरीजों का इलाज करते पाया गया तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
आयुष्मान कार्ड से जुड़े मामलों में भी जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में एक बड़ी कार्रवाई होने की आशंका जताई जा रही है.
गौरतलब है कि इस अस्पताल को लेकर पहले भी कई बार विवाद और शिकायतें सामने आ चुकी हैं. जिन पर समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू की थी. अब प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t