NH-930 पर दर्दनाक हादसा, ट्रक ने बाइक को 200 मीटर घसीटा, फ्रेंडशिप-डे पर घूमने निकले 2 दोस्तों की मौत, 3 साथी घायल, पॉलीथिन से उठाना पड़ा शव
Tragic accident on NH-930: Truck drags motorcycle for 200 meters; two friends out for a ride on Friendship Day killed, three others injured; bodies had to be collected using polythene sheets.
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भयावह था कि दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवकों को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया. वहीं टक्कर के बाद एक बाइक में आग लग गई. जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-930 (NH-930) पर बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत दल्लीराजहरा मार्ग में हुआ. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. जबकि घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे में मृतकों की पहचान ग्राम जगन्नाथपुर निवासी गेमन लाल देशमुख (पिता नूतन देशमुख) और ग्राम परसदा निवासी अरुण साहू के रूप में हुई है. वहीं घायलों में यसु देशमुख (19 वर्ष), पिता हिराराम देशमुख, निवासी जगन्नाथपुर-सांकरा, नरेंद्र निषाद (31 वर्ष), पिता खेमचंद निषाद, निवासी दल्लीराजहरा और पोषण कुमार गोयल (30 वर्ष), पिता अशोक कुमार गोयल, निवासी ग्राम सिकोसा, थाना गुंडरदेही शामिल हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक एक बाइक में सवार गेमन लाल देशमुख, अरुण साहू और यसु देशमुख दल्लीराजहरा से बालोद की तरफ आ रहे थे. वहीं दूसरी बाइक पर सवार पोषण कुमार गोयल और नरेंद्र निषाद बालोद से दल्लीराजहरा की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गि.। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सड़क पर गिरे गेमन लाल और अरुण साहू को अपनी चपेट में ले लिया. ट्रक की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को खबर दी. कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. टक्कर के बाद एक बाइक में आग लग गई थी। आग लगने से घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और पुलिस को इसकी जानकारी दी.
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके का मुआयना किया और हादसे के वजह की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है. हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असल वजह का पता चल सकेगा.
बालोद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें. हेलमेट का उपयोग करें. और सड़क पर सावधानी बरतें. पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है और गांवों में शोक का माहौल है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



