14 वर्षीय बेटी बोली- मां ने खाना नहीं बनाया और सोने चली गई, पापा ने टांगी से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, हत्या का आरोपी पति ठाकुर गिरफ्तार
14-year-old daughter says: Mother hadn't cooked and had gone to sleep; father struck her on the head with an axe, killing her. Accused husband, Thakur, arrested.
सूरजपुर/रामानुजनगर : सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी एक ग्रामीण ने रविवार की रात पत्नी के सिर पर टांगी से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी. पत्नी द्वारा खाना नहीं बनाए जाने से वह नाराज था. इसी बीच उसने वारदात को अंजाम दे दिया. आनन-फानन में महिला को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह पूरा मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामानुजनगर के नारायणपुर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारायणपुर के आमापारा निवासी भीजमती पति ठाकुर दत्त के 5 बच्चे हैं. इनमें बड़ी बेटी नील कुमारी 14 साल, इसके बाद 12 साल, 9 साल, 5 साल और 2 साल की उम्र के बच्चे हैं. परिवार के दो मकान हैं. घटना के समय भीजमती अपने पति और 2 छोटे बच्चों के साथ पुराने मकान में थी. जबकि 3 बच्चे नए मकान में अपनी दादी के साथ मौजूद थे.
मृतिका की बड़ी बेटी नील कुमारी ने बताया कि रविवार की रात करीब 8 बजे उसकी मां ने खाना नहीं बनाने की बात कहते हुए सोने चली गई थी. इसी दौरान माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. विवाद के बाद उसके पिता ठाकुरदत्त ने टांगी से उसकी मां के सिर पर वार किया और बाद में नए मकान में जाकर घटना की जानकारी दी.
इसके बाद वह पुराने मकान में पहुंची तो मां लहुलुहान बेहोशी की हालत में पड़ी थी. परिजनों ने फौरन 108 एंबुलेंस को खबर दी. महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर ले जाया जा रहा था. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की खबर मिलने के बाद सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. लेकिन परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया. यह खबर जब मृतका की ननद राजकुमारी को हुई तो वह शव लेने को तैयार हो गई. इसके बाद पुलिस ने उसे शव सौंप दिया. मां की मौत से पांचों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. मामले में शाम तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी. पुलिस वारदात की असल वजह की जांच कर रही है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



