12वीं पास युवक कर रहा मरीजों का ऑपरेशन, गर्भवती महिला की मौत के बाद अस्पताल में छापा, स्थानीय लोगों में आक्रोश, संस्कार हॉस्पिटल सील
A 12th-grade passout man is operating on patients. A pregnant woman's death sparked a raid at the hospital, sparking outrage among locals. Sanskar Hospital is sealed.
बलौदा बाजार/कसडोल : बलौदा बाजार जिले के कसडोल विकासखंड के ग्राम कटगी में स्थित संस्कार हॉस्पिटल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. SDM रामरतन दुबे और BMO की संयुक्त टीम ने हॉस्पिटल में छापेमारी कर कई हैरान करने वाले खुलासे किए. जिनसे ग्रामीणों में डर और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं.
जांच के दौरान सामने आया कि संस्कार हॉस्पिटल पिछले तीन साल से बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहा था. यह न सिर्फ नर्सिंग होम एक्ट का गंभीर उल्लंघन है. बल्कि मरीजों की जान जोखिम में डालने जैसा जुर्म है. आश्चर्यजनक बात यह रही कि इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद अस्पताल में निर्बाध रुप से इलाज जारी था.
बीते महीने एक गर्भवती महिला की मौत के बाद इस अस्पताल पर सवाल उठने लगे थे. उसी मामले की प्रारंभिक जांच ने कई अनियमितताएं उजागर की थीं. जिसके आधार पर आज कई बड़ी कार्रवाई की गई.
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि दुखित राम साहू नाम का 12वीं पास युवक मरीजों का ऑपरेशन कर रहा था. न कोई डिग्री, न मेडिकल रजिस्ट्रेशन, फिर भी वह सर्जरी से लेकर अन्य गंभीर प्रक्रियाओं तक में शामिल पाया गया. प्रशासनिक टीम इसे गंभीर स्तर की मेडिकल धोखाधड़ी मान रही है.
छापेमारी में यह भी पाया गया कि अस्पताल में कोई योग्य डॉक्टर तैनात नहीं था. न रजिस्टर्ड नर्सिंग स्टाफ मौजूद था. और न ही जरुरी मेडिकल सुविधाएँ और उपकरण उपलब्ध थे. इसके बावजूद यहां बड़े ऑपरेशन तक किए जा रहे थे. साथ ही कई दस्तावेज भी अधूरे या फर्जी पाए गए.
SDM रामरतन दुबे के मुताबिक जांच में गंभीर गड़बड़ियां पाई गई हैं और अस्पताल संचालकों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरु कर दी गई है. रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है.
कटगी और आसपास के क्षेत्रों में इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही उनकी जिंदगी के लिए सीधा खतरा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



