नशे में ट्रैक्टर चालक बना मासूम की जान का दुश्मन, जोरदार टक्कर में 5 साल का बालक गंभीर, आक्रोशित ग्रामीणों ने ड्राइवर की कर दी पिटाई

A drunk tractor driver threatens an innocent child's life; a 5-year-old boy is seriously injured in a head-on collision; angry villagers thrash the driver.

नशे में ट्रैक्टर चालक बना मासूम की जान का दुश्मन, जोरदार टक्कर में 5 साल का बालक गंभीर, आक्रोशित ग्रामीणों ने ड्राइवर की कर दी पिटाई

गरियाबंद : गरियाबंद जिला के छुरा क्षेत्र में ड्रिंक एंड ड्राइव और हिट एंड रन की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. रविवार शाम छुरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. ग्राम हीराबतर-रसेला मार्ग पर ट्रैक्टर और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में 5 साल का मासूम बालक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब 6 बजे हीराबतर से रसेला जाने वाले पुल के पास रसेला की तरफ़ से आ रहे एक ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए.
इस हादसे में घायल लोगों की पहचान भूपेंद्र नेताम पिता गौकरण नेताम उम्र 22 साल, अमित नेताम पिता नागेश नेताम उम्र 17 साल और लक्ष्य नेताम पिता तामराज नेताम उम्र 5 साल, निवासी हीराबतर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों बाइक से रसेला बाल कटाने जा रहे थे. तभी रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया.
चश्मदीदों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में धुत होकर वाहन चला रहा था. हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने नशे में धुत चालक की जमकर पिटाई कर दी.
घायलों को फौरन छुरा के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने 5 वर्षीय मासूम लक्ष्य नेताम की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया. इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और चालक को पकड़कर छुरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
उल्लेखनीय है कि पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है. लेकिन इसके बावजूद कई वाहन चालक नशे में वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं. यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर रहा है कि नशे में वाहन चलाने की लापरवाही आखिर कब रुकेगी, क्योंकि ऐसी गैरजिम्मेदारी का खामियाजा अक्सर मासूमों को भुगतना पड़ता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB