गैस लीक से हुआ जोरदार धमाका, बेटा चिल्लाता रहा- पापा अंदर हैं, भीतर मिली SECL के डिप्टी मैनेजर की लाश, तेज धमाके की आवाज से दहल उठी कॉलोनी
A gas leak caused a massive explosion, with the son shouting, "Dad is inside." The body of a SECL deputy manager was found inside. The loud explosion shook the colony.
कोरिया/बैकुंठपुर : छत्तीसगढ़ में SECL चरचा कॉलरी में एकदिल दहला देने वाला और सनसनीखेज हादसा सामने आया है. कॉलरी के डिप्टी मैनेजर के.बी. नंदन की उनके ही विभागीय आवास में आग से झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई. घटना इतनी भयावह थी कि तेज धमाके की आवाज सुनकर पूरी कॉलोनी दहल उठी और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक के.बी. नंदन चाइना ब्लॉक स्थित विभागीय आवास नम्बर C-25 में रहते थे. उनकी पत्नी और छोटा बेटा अपने गृहग्राम रांची गए हुए थे. जबकि घर में सिर्फ वे और उनका बड़ा बेटा मौजूद था. रात करीब 9:30 बजे उनका बेटा घर के बाहर परिसर में था. इसी दौरान घर में अचानक एक जोरदार धमाका हो गया. जिससे आसपास रहने वाले अधिकारी अपने घरों से बाहर निकल आए. जब लोगों ने नंदन के आवास की तरफ देखा तो घर के भीतर आग की लपटें उठ रही थीं. बाहर खड़ा उनका बेटा बेसुध होकर चिल्ला रहा था- पापा अंदर हैं… पापा अंदर हैं…
हालात की गंभीरता को देखते हुए आसपास रहने वाले अधिकारी जी.एम. गुप्ता, निलेश अवधिया, मदन गोपाल, जे.पी. सोनी, अतुल चिंचोलकर सहित अन्य लोग फौरन मदद के लिए पहुंचे. खिड़की से झांककर देखा गया तो रसोईघर में भीषण आग लगी हुई थी और के.बी. नंदन आग की चपेट में थे.
फौरन SECL रेस्क्यू टीम फायर ब्रिगेड और नगर सेना को खबर दी गई. लोगों ने मुख्य दरवाजा खोलने का प्रयास किया. लेकिन वह अंदर से बंद था. दरवाजे में सेंटर लॉक लगा हुआ था. काफी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा गया. अंदर पहुंचने पर रसोई का दरवाजा भी भीतर से बंद मिला. अधिकारियों ने उसे भी तोड़ दिया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
अंदर का डरावना नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए. के.बी. नंदन पूरी तरह झुलस चुके थे .और गैस सिलेंडर से लगातार आग निकल रही थी. जान जोखिम में डालकर उन्हें बाहर निकाला गया और फौरन क्षेत्रीय चिकित्सालय चरचा पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे की खबर मिलते ही पूरे कॉलरी क्षेत्र में सनसनी फैल गई. बड़ी तादाद में अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक क्षेत्रीय चिकित्सालय चरचा पहुंच गए. चरचा माइंस के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय कुमार सिंह भी अस्पताल पहुंचे और गहरा शोक व्यक्त करते हुए जरुरी निर्देश दिए.
चश्मदीदों के मुताबिक धमाके और भीषण गर्मी के कारण घर के भीतर लगे सिंथेटिक पर्दे कई स्थानों पर पिघल गए थे. कुछ सोफा कवर भी जल रहे थे. वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि घर के दरवाजे बंद होने और सिलेंडर से लगातार गैस रिसने की वजह से घर गैस चैंबर जैसा बन गया था। आग लगने के बाद गैस के संपर्क में आने पर विस्फोट हुआ. जिससे नंदन गंभीर रूप से झुलस गए.
हादसे के वक़्त मुख्य दरवाजा और रसोई का दरवाजा अंदर से बंद था. फिलहाल दोनों दरवाजे अंदर से बंद होने की पुलिस जांच करेगी. मृतक डिप्टी मैनेजर केबी नंदन वर्ष 2014 से चरचा कॉलरी में पदस्थ थे. बताया जाता है कि पिछले तीन सालों से बीमार चल रहे थे और नियमित रूप से ड्यूटी नहीं कर पा रहे थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



