ऑनलाइन जुए की लत में कर्जदार हुए साले ने जीजा के घर कर दी चोरी, 37 लाख के सोने के जेवर जब्त, आरोपी प्रियंक गिरफ्तार, CCTV ने खोली पोल
A man, burdened by debt due to an online gambling addiction, committed a burglary at his brother-in-law’s house; gold jewelry worth ₹37 lakh was recovered, the accused—Priyank—was arrested, and CCTV footage exposed the crime.
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज के बोझ में दबे एक युवक ने अपने ही सगे जीजा के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिया. आरोपी ने पूरी प्लान के साथ वारदात को अंजाम दिया और पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की. हालांकि घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों ने उसकी पोल खोल दी. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय उम्र 31 साल को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से चोरी के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं. जिनकी अनुमानित कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई जा रही है. यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर का है.
सफाई के बाद बंद किया था मकान, दो दिन बाद टूटा मिला ताला
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं. रायपुर के लक्ष्मी नगर स्थित उनके मकान के तीसरे तल पर उनका आवास है. जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर उनके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार रहता है.
28 अक्टूबर 2026 को दोपहर में घर की सफाई करने वाली महिला ने तीसरी मंजिल की सफाई करने के बाद मकान में ताला लगाया और चाबी अनिल शर्मा की मां सुमित्रा शर्मा को सौंप दी थी. इसके दो दिन बाद 30 अक्टूबर की सुबह सुमित्रा शर्मा ने अपने बेटे को फोन कर बताया कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला कटा हुआ है. खबर मिलते ही अनिल शर्मा रायपुर पहुंचे. घर के अंदर जाकर देखा तो आलमारी और लॉकर टूटे हुए थे. उनमें रखे सोने-चांदी और हीरे के जेवरात के साथ नकदी भी गायब थी.
CCTV में दीवार फांदते दिखा युवक, पहचान होते ही चौंकी पुलिस
पीड़ित की शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1004/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने पीड़ित के परिजनों और घर में काम करने वाली महिला से पूछताछ की. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसते और सीढ़ियों से ऊपर जाते दिखाई दिया. फुटेज के आधार पर उसकी पहचान प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई. आरोपी पीड़ित अनिल शर्मा का सगा साला निकला.
ऑनलाइन जुए में हार गया पैसा, कर्ज चुकाने के लिए बनाई प्लान
पुलिस ने प्रियंक को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में वह लगातार अपने बयान बदलता रहा और चोरी में शामिल होने से इंकार करता रहा. हालांकि तकनीकी सबूतों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने वारदात में शामिल होंना कबूल कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की आदत थी. जुए के कारण उस पर काफी कर्ज हो गया था. कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने ही जीजा के घर चोरी करने की प्लान बनाई. आरोपी कुछ दिन पहले अपनी बहन यानी पीड़ित की पत्नी के साथ उनके घर में दो दिनों तक रुका था. इसी दौरान उसे पता चल गया था कि घर की आलमारी में कीमती सोने-चांदी और हीरे के जेवरात रखे हुए हैं. उसे यह भी जानकारी थी कि उसकी बहन कोंडागांव जा चुकी है और मकान खाली है.
ग्राइंडर मशीन से काटा ताला, लॉकर तोड़कर उड़ाए जेवरात
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसा और सीढ़ियों से तीसरी मंजिल तक पहुंचा. इसके बाद अपने साथ लाई छोटी ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी और ताला काट दिया. मकान के अंदर घुसने के बाद आरोपी ने आलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे सोने, चांदी, हीरे के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. आरोपी ने शक से बचने के लिए कुछ जेवर घर में ही छोड़ दिए थे. साथ ही कपड़ों को व्यवस्थित कर आलमारी में रख दिया. ताकि चोरी की घटना का फौरन पता न चल सके.
37 लाख के सोने के जेवरात जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के कब्जे से चोरी किए गए 25 तोला सोने के जेवरात जब्त किए हैं. इनकी अनुमानित कीमत करीब 37 लाख रुपये है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय, पिता देवेन्द्र पाण्डेय, उम्र 31 वर्ष, मूल निवासी वार्ड क्रमांक 13 पंजाबीपारा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद के रूप में हुई है. वह वर्तमान में प्रिंस कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, टिकरापारा रायपुर में रह रहा था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है. इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन जुए की लत और उससे पैदा होने वाले आर्थिक संकट के गंभीर परिणामों को उजागर किया है. कर्ज चुकाने के लिए आरोपी ने अपने ही रिश्तेदार के घर को निशाना बनाया. लेकिन सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की तकनीकी जांच के चलते उसका राज खुल गया.
आरोपी
प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय पिता देवेन्द्र पाण्डेय उम्र 31 साल मूल निवासी वार्ड नम्बर 13 पंजाबीपारा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद छत्तीसगढ़
वर्तमान पता= प्रिंस कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, टिकरापारा रायपुर छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



