दीक्षा लेने के बाद बिहार की महिला से पारिवारिक समस्याएं दूर करने का झांसा देकर आश्रम में दुष्कर्म!, महामंडलेश्वर डॉ. इंद्रदेव महाराज पर FIR दर्ज

Woman from Bihar raped at an ashram after being promised a solution to her family problems following her initiation; FIR registered against Mahamandaleshwar Dr. Indradev Maharaj.

दीक्षा लेने के बाद बिहार की महिला से पारिवारिक समस्याएं दूर करने का झांसा देकर आश्रम में दुष्कर्म!, महामंडलेश्वर डॉ. इंद्रदेव महाराज पर FIR दर्ज

वृंदावन : वृंदावन स्थित सेवाधाम आश्रम के प्रसिद्ध कथावाचक और महामंडलेश्वर  डॉ. इंद्रदेव महाराज एक गंभीर आरोप को लेकर चर्चा में हैं. उनके खिलाफ महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दुष्कर्म की FIR दर्ज की गई है. बिहार की रहने वाली एक महिला ने महाराज पर यौन शोषण का आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि पारिवारिक समस्याएं दूर करने का झांसा देकर उसे वृंदावन स्थित आश्रम बुलाया गया था. जहां दिसंबर 2023 में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए.
अप्रैल 2023 में ली थी महाराज से दीक्षा
महिला के आरोपों के मुताबिक, उसने अप्रैल 2023 में डॉ. इंद्रदेव महाराज से दीक्षा ली थी. इसके बाद महाराज से उसका संपर्क बना रहा. महिला का कहना है कि महाराज ने उसकी पारिवारिक समस्याएं दूर करने का भरोसा दिया था. इसी सिलसिले में दिसंबर 2023 में वह वृंदावन स्थित आश्रम पहुंची. उस समय वह अपनी दो बेटियों के साथ आश्रम गई थी.
आश्रम में कमरे में बुलाकर दुष्कर्म का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि वृंदावन आश्रम में रात के समय डॉ. इंद्रदेव महाराज ने उसे अपने कमरे में अकेले बुलाया. इसके बाद उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. मामले में कथावाचक पर यौन शोषण के साथ अश्लील वीडियो कॉल करने और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं. महिला की शिकायत के आधार पर मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की है.
कथावाचक का कथित ऑडियो क्लिप भी वायरल
इस मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें कथावाचक को महिला से कपड़े उतारने के लिए कहते हुए सुना जा सकता है. ऑडियो में महिला की ओर से सहमति जताने की बात भी सामने आई है. हालांकि, वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में जांच के बाद ही इससे जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
मथुरा पुलिस को स्थानांतरित हुई जीरो FIR
महिला ने कथित घटना को लेकर मथुरा पुलिस से भी शिकायत की थी. आरोप है कि वहां कार्रवाई नहीं होने पर उसने पुणे में जीरो FIR दर्ज कराई. इसके बाद मामले को जांच के लिए मथुरा पुलिस के पास ट्रांसफर कर दिया गया. वहीं, महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भी डॉ. इंद्रदेव महाराज के खिलाफ दुष्कर्म की FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. एसएसपी मथुरा ने कहा है कि महाराज के खिलाफ लगे आरोपों की जांच की जाएगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb