चाकू मारकर नाबालिग का मर्डर, साथी घायल, आक्रोशित परिजनों ने किया थाने का घेराव, 2 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, बाइक और हथियार जप्त
A minor was stabbed to death, his companion was injured, and angry family members surrounded the police station. Four accused, including two minors, were arrested, and their bikes and weapons were seized.
रायपुर : पचपेड़ी नाका से सटे न्यू पंचशील नगर इलाके में एक किशोर की हत्या कर दी गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और इस मामले में पुलिस ने चार संदेहियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है. बता दें कि नाराज परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया था. यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक पंचशील नगर के पास जोगी मोहल्ला इलाके में सोमवार को कुश बाघ अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था. इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक कॉल आया. जिसे उसने नहीं उठाया. बाद में उसी नंबर से समीर के फोन पर कॉल आया. जिसके बाद समीर ने यह बात कुश को बताई.
इसके बाद कुश अकेले मेन रोड जोगी नगर की तरफ चला गया. कुछ देर बाद उसके साथी भी उसके पीछे गए. रात करीब 11:50 बजे स्कूटी से धीरज बाघ उर्फ स्माटी अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते कुश बाघ से गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर हाथ-मुक्कों से मारपीट की.
इसी दौरान आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से कुश बाघ के गले पर जानलेवा हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और जोगी मोहल्ला निवासी कुश बाघ उम्र 16 साल के शरीर से बहुत ज्यादा खून बहने होने लगा. ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बीच बचाव करने पहुंचे समीर पर भी चाकू से हमला किया गया. जिससे उसके बाएं कूल्हे में चोट आई.
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. इस मामले की प्रार्थी परमजीत सोना ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई. रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 242/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103, 109(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया.
वारदात की खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
वारदात के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थानीय रहवासियों ने आधी रात सिविल लाइन थाने का घेराव भी किया.
वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन, तेलीबांधा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की. पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की और त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में धीरज बाघ उर्फ स्माटी (उम्र 19 साल), राहुल गौंधरे (उम्र 20 साल) और 2 नाबालिग बालक शामिल हैं. सभी आरोपी काशीराम नगर, मस्जिद गली, थाना तेलीबांधा रायपुर के निवासी बताए गए हैं. आरोपियों ने पूछताछ के दौरान वारदात में शामिल होने की बात कबूल की. इसके बाद उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और कत्ल में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी.
वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और हालात पर नजर बनाए हुए है. मामले की आगे जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



