तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर, हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत, अज्ञात चालक वाहन समेत फरार, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

A speeding car struck a cyclist with great force, killing him instantly; the unidentified driver fled the scene with the vehicle, prompting angry villagers to stage a road blockade.

तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर, हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत, अज्ञात चालक वाहन समेत फरार, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कोरबा : कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. ग्राम खेरभावना के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। मृतक की पहचान ग्राम कनबेरी निवासी सुरेंद्र सिंह कंवर उम्र 47 साल के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र सिंह किसी काम से साइकिल से कोरबा गए हुए थे काम खत्म करने के बाद वह देर रात अपनी साइकिल से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान खेरभावना के पास सामने से आ रही अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद की कोशिश की. लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
हादसे के बाद चालक फरार
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके पर नहीं रुका और वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. जिसके बाद उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई. फरार कार चालक और वाहन की तलाश की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला. बड़ी तादाद में लोग सड़क पर उतर आए और करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि इलाके में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने की वजह से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने खेरभावना क्षेत्र में जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की. उनका कहना है कि रात के समय सड़क पर अंधेरा होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है और हादसों की संभावना बढ़ जाती है.
परिवार को दी गई सहायता राशि
हादसे की खबर मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे. मृतक के परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है. अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम खत्म हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. फरार कार चालक की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?