लंबे समय से बीमार चल रहे अहिवारा भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन, हैदराबाद के अस्पताल में ली अंतिम सांस, दो बार बने MLA

Ahiwara BJP MLA Domanlal Korsewada, who had been ill for a long time, has passed away; he breathed his last at a hospital in Hyderabad and had served as an MLA twice.

लंबे समय से बीमार चल रहे अहिवारा भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन, हैदराबाद के अस्पताल में ली अंतिम सांस, दो बार बने MLA


दुर्ग : दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है. वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे. वे फेफड़े की बीमारी से पीड़ित थे. उनका हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उपचार चल रहा था. 78 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली.
उनके निधन की खबर से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित दुर्ग-भिलाई और प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है. डोमनलाल कोर्सेवाड़ा छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे.
उनका राजनीतिक जीवन लंबा रहा है. उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी सेवाएं दी थीं. वर्ष 1998 में व्याख्याता पद से रिटायर होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा. वर्ष 1999 में वे दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में भी कार्य कर चुके थे.
2008 में पहली बार बने थे विधायक
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पहली बार वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट पर अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे. 2018 में विधानसभा चुनाव में उन्हें फिर टिक्ट मिला. हालांकि, यह सीट भाजपा के हाथ से निकल गई थी. वर्ष 2018 में कांग्रेस के गुरु रुद्र कुमार यहां से विधायक निर्वाचित हुए थे.
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पर भरोसा जताया. उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 मतों के बड़े अंतर से हराकर दूसरी बार विधानसभा में जगह बनाई. उन्हें कुल 96,717 वोट मिले थे. जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 71,454 मत प्राप्त हुए थे.
राजनीतिक सफर में मिलीं कई अहम जिम्मेदारियां
विधायक के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान वर्ष 2010 में उन्हें छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया था. उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त था. विधानसभा में उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के कल्याण से संबंधित समितियों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं.
वर्ष 2023 में दूसरी बार विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ विधानसभा की विभिन्न समितियों में जिम्मेदारी मिली। इनमें पुस्तकालय समिति के सभापति सहित अन्य समितियों में उनकी भूमिका शामिल रही.
वर्तमान में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष थे
उनकी वरिष्ठता और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने अक्टूबर 2025 में उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था. उन्होंने नवंबर 2025 में इस पद का कार्यभार ग्रहण किया था. इस तरह निधन के समय वे अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक होने के साथ-साथ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे.
12 अगस्त 1948 को जन्मे डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की थी. उन्होंने बीएड की डिग्री भी हासिल की थी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb