मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने आए 18 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत, दोस्तों ने सुरक्षा और इलाज पर उठाए सवाल, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

An 18-year-old youth visiting the Maa Bamleshwari shrine drowned in a pond; his friends have raised questions regarding safety measures and medical treatment, while his family is inconsolable.

मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने आए 18 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत, दोस्तों ने सुरक्षा और इलाज पर उठाए सवाल, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

डोंगरगढ़ : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने आए महाराष्ट्र के एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान नागपुर निवासी शशांक शांडेल उम्र 18 साल के रूप में हुई है. युवक अपने दोस्तों के साथ नवरात्रि के पहले दिन मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने पहुंचा था. इसी दौरान क्षीरपानी तालाब में नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. हादसे के बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया. लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. घटना के बाद मृतक के दोस्तों ने सुरक्षा व्यवस्था और समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं होने को लेकर सवाल उठाए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक नागपुर निवासी शशांक शांडेल रविवार 11 अक्टूबर को अपने दोस्तों के साथ डोंगरगढ़ पहुंचा था. सभी मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने आए थे. दोपहर करीब 2:30 बजे शशांक क्षीरपानी सरोवर में नहाने के लिए उतरा. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते युवक पानी में डूबने लगा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
एसडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया बचाव अभियान
युवक के डूबने की खबर मिलते ही बचाव कार्य शुरू किया गया. एसडीआरएफ के जवानों और गोताखोरों ने तालाब में उतरकर उसकी तलाश की. युवक को पानी से बाहर निकाला गया. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. दर्शन करने के लिए दोस्तों के साथ घर से निकले शशांक की अचानक मौत से उसके साथियों को गहरा सदमा लगा है. नवरात्रि मेले के पहले दिन हुई इस घटना ने तालाब परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप
मृतक के दोस्तों ने हादसे के बाद समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं होने को लेकर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि युवक को बचाने के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए थी. हालांकि, हादसे के बाद बचाव कार्य शुरु होने, युवक को पानी से निकालने और अस्पताल पहुंचाने में कितना समय लगा. इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. ऐसे में चिकित्सा सहायता में देरी हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
थाना प्रभारी बोले- मामले की जांच जारी
डोंगरगढ़ थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख के अनुसार, युवक के गहरे पानी में चले जाने की वजह डॉ यह हादसा हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है. परिजनों के पहुंचने के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया. डोंगरगढ़ में नवरात्रि के दौरान मंदिर क्षेत्र के आसपास स्थित तालाबों और जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था महत्वपूर्ण हो जाती है. इस हादसे के बाद क्षीरपानी तालाब में गहरे पानी के आसपास सुरक्षा इंतजाम, निगरानी और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb