रेत घाट में फायरिंग केस में सेटिंग करने की बात कर रहे थाना प्रभारी का ऑडियो वायरल, जेसीबी और हाईवा मालिक गिरफ्तार, टीआई सस्पेंड
Audio of police station in-charge talking about settling the firing case in sand ghat goes viral, JCB and Hiva owners arrested, TI suspended
राजनांदगांव : बीते 11 जून की रात राजनांदगांव शहर के मोहड़ वार्ड में रेत तस्करों द्वारा वार्ड वासियों पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने स्थानीय पार्षद संजय रजक और जेसीबी चालक भगवती निषाद को गिरफ्तार किया था. वही पुलिस ने इस अवैध कारोबार में शामिल जेसीबी और हाईवे के मालिक को गिरफ्तार किया है. वही सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो में जेसीबी मालिक के साथ बातचीत में सोमानी थाना प्रभारी सत्यनारायण देवांगन की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 11 जून की रात करीब 7 से 7:30 बजे के बीच गांव मोहड़ नदी के किनारे अवैध रेत निकासी के लिए जेसीबी से रैम्प बनाया जा रहा था. इसका विरोध करने पहुंचे ग्रामीणों पर रेत माफियाओं ने हमला कर दिया और गोलियां चला दी.
इस फायरिंग में रोशन मंडावी नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली उसके गले को छूते हुए निकल गई. जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. अन्य दो ग्रामीण जितेन्द्र साहू और ओम प्रकाश साहू भी घायल हुए हैं. घटना के बाद बसंतपुर थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट और माइनिंग एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
मोहड़ में शिवनाथ नदी से अवैध रेत तस्करी के बीच लोगों पर गोली चलाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने इस पर कार्रवाई की है और अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. लेकिन पुलिस के हाथ अब भी गोली चलाने वाले से दूर हैं. पुलिस अब तक गोली चलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली कारतूस, बुलेट का अगला हिस्सा और जेसीबी एवं हाईवा वाहन CG 08 AT 5089 जब्त किया.
इस अवैध रेत उत्खनन में अपनी जेसीबी और हाईवे वाहन लगाने वाले जिले के सोमनी निवासी अभिनव तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि अवैध उत्खनन में तस्करों को वाहन देने के मामले में आरोपी अभिनव तिवारी को गिरफ्तार किया गया है, वही सोमनी टीआई सत्यनारायण देवांगन की संदिग्ध भूमिका को देखते हुए उन्हें एसपी के द्वारा सस्पेंड किया गया है. वहीं पूरे मामले की जांच सीएसपी को सौंप गई है.
बता दें कि सोशल मीडिया पर सोमनी थाने के थानेदार सत्यनारायण देवांगन और जेसीबी मालिक अभिनव तिवारी उर्फ चीनू महाराज की बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है. वायरल ऑडियो में सत्यनारायण देवांगन अभिनव तिवारी को आश्वस्त करते सुने जा सकते हैं.
वे कह रहे हैं कि “तुम्हारा कुछ नहीं होगा, मनोज चंदेल से बात कर सेटिंग करा देंगे. जेसीबी और हाईवा को छुड़ा देंगे. आपका बयान लिया जाएगा. साथ ही ऑडियो में थानेदार ने जेसीबी को हुए नुकसान की भरपाई का भी आश्वासन दे रहे हैं.
वायरल ऑडियो को लेकर जब एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि ऑडियो की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही इसकी सत्यता के बारे में कुछ कहा जा सकेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



