गोदाम में सोये युवक की हत्या कर नाली में फेंका शव, फूल कारोबारी का भाई फरार, इधर नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत
A young man sleeping in a warehouse was murdered and his body was thrown in the drain, the brother of the flower trader absconded, while a newly married woman died under suspicious circumstances
गोदाम में सोये युवक की हत्या कर नाली में फेंका शव, फूल कारोबारी का भाई फरार
अंबिकापुर : अंबिकापुर के नमनाकला में फूल व्यवसायी के मकान में रहकर काम करने वाले युवक का शव घर के बाहर नाली में पड़ा हुआ मिला. युवक के कमरे में खून के निशान मिले हैं. युवक के साथ कमरे में सोने गया फूल कारोबारी का भाई फरार है. पुलिस फूल व्यवसायी को हिरासत में लेकर झारखंड गई है. युवक के परिजनों ने हॉस्पिटल में युवक के शव ले जाने से इंकार कर दिया और घंटों बैठे रहे. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर में फूल कारोबारी बीरबल यादव के साथ दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम खजुरी, नावानगर निवासी जुगनू यादव उम्र 25 साल पिछले 7 सालों से काम कर रहा था. वह बीरबल यादव के नमनाकला झंझटपारा स्थित घर में रहता था. शुक्रवार सुबह जुगनू यादव का शव नाली में औंधे मुंह पड़ा मिला. घटना की खबर पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. बीरबल यादव ने ही जुगनू यादव की पहचान की. कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार के साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट कुलदीप कुजूर की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की.
बीरबल यादव ने बताया कि रात 10 बजे जुगनू यादव और उसके भाई संजू यादव ने साथ खाना खाया था. इसके बाद जुगनू यादव और संजू यादव दोनों गोदाम में सोने चले गए थे. जुगनू यादव गोदाम में ही रहता था. बीरबल यादव को लोगों ने सुबह शव मिलने पर उठाया. उसने ही जुगनू यादव के शव की शिनाख्त भी की. बीरबल यादव के भाई संजू यादव की खोजबीन की गई तो वह फरार मिला. गोदाम में खून के छींटे मिले हैं. गोदाम में हत्या के बाद शव को नाली में फेंका गया है.
फारेंसिक एक्सपर्ट कुलदीप कुजूर ने बताया कि जुगनू यादव की हत्या सोते समय की गई है. उसके सिर एवं जबड़े को ईंट से कुचला गया है. उसके दांत भी टूट गए हैं. घटनास्थल से नाली तक शव को घसीटने के निशान नहीं मिले हैं. शव को उठाकर नाली में फेंका गया है.
कोतवाली पुलिस ने फरार संजू यादव की खोजबीन शुरु की तो उसका लोकेशन झारखंड में मिला. कोतवाली पुलिस ने बीरबल यादव को हिरासत में लिया और उसे पकड़ने झारखंड गई है. संदेही के पकड़े जाने के बाद ही मामले में पुलिस आगे बढ़ सकेगी.
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया. वहां मृतक जुगनू यादव के चाचा इंद्रजीत यादव और परिजनों ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव ले जाने से इंकार कर दिया. परिजनों ने कहा कि उन्हें घटनास्थल नहीं दिखाया गया. बीरबल यादव से बात नहीं करने दिया गया. परिजन घंटों हॉस्पिटल में बैठे रहे. दोपहर 2 बजे मौके पर सीएसपी रोहित शाह भी पहुंचे और परिजनों से बात की. इसके बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए. पुलिस फिलहाल घटना की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत
में मौत हो गई. नवविवाहिता के मायके वालों ने ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाये हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर की रहने वाली किरण यादव उम्र 27 साल की शादी बालोद के रुपेंद्र यादव से 5 मार्च को हुई थी. घर से शादी की सजावट भी पूरी तरह से हटी नहीं थी कि 10 अप्रैल को बहू की अर्थी उठी. मृतका के पति रुपेंद्र यादव ने बताया कि गुरुवार शाम उसकी पत्नी किरण की तबीयत अचानक खराब हो गई थी. इसी दौरान वह चक्कर खाकर गिर पड़ी. हालत बिगड़ते देख उन्होंने एक प्राइवेट डॉक्टर को बुलाया. जिसने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मायके वालों ने ससुराल वालों पर आरोप लगाया है. मृतका की मां मां कृष्णा बाई यादव का कहना है कि उसे खाने पीने नहीं देते थे. यहां तक कि घटना वाले दिन दामाद ने फोन तक नहीं उठाया.
वहीं बहन माना यादव ने अपने बयान में कहा कि शादी के बाद से ही किरण का उसकी देवरानी से अनबन चल रहा था. ससुराल वाले उसे घर से निकल जाने की धमकी देते थे और 3 दिन से तबीयत खराब थी. लेकिन हॉस्पिटल लेकर नहीं गए. नवविवाहिता की मौत की खबर गुरुवार देर शाम बालोद थाना को दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तहसीलदार आशुतोष शर्मा और बालोद एसडीओपी देवांश सिंह राठौर जांच के लिए मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पंचनामा की कार्रवाई की और परिजनों के बयान दर्ज किया. शुक्रवार
दोपहर करीब 12 बजे जिला अस्पताल बालोद में मृतका का पोस्टमार्टम किया गया. इसके बाद दोपहर 3 बजे पाण्डेयपारा मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ. अंतिम विदाई के समय बिलासपुर से मृतका के मायके पक्ष के कई रिश्तेदार भी मौजूद रहे
वहीं इस मामले में बालोद एसडीओपी देवांश सिंह राठौर और टीआई रविशंकर पांडेय ने कहा कि मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के असली वजह का खुलासा होगा. फिलहाल परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



