ड्यूटी के दौरान शराब पीना पड़ा भारी, पुलिस अधीक्षक ने फ़ौरन की सख्त कार्रवाई, प्रधान आरक्षक को किया सस्पेंड, महकमे में मचा हड़कंप
Drinking alcohol while on duty proved costly, the Superintendent of Police took immediate action, suspending the head constable, causing a stir in the department.
जांजगीर/अकलतरा : ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाए जाने और रोजनामचा लेखन में लापरवाही बरतने के मामले में जांजगीर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने अकलतरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक अकलतरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं. बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी के दौरान अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे थे. इसके अलावा थाने में रोजनामचा लेखन कार्य भी समय पर नहीं किया जा रहा था. जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे.
इस मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद इसकी जांच कराई गई. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि प्रधान आरक्षक ड्यूटी के समय शराब के नशे में मौजूद थे. यह पुलिस विभाग की अनुशासन व्यवस्था के खिलाफ गंभीर मामला माना गया. कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए.
आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निर्धारित किया जाएगा और विभागीय जांच भी की जाएगी. पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए. इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में संदेश गया है कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



