घर वालों के साथ झगड़ा और मारपीट, परेशान बेटे ने सिर पर पत्थर मारकर पिता को उतारा मौत के घाट, खुद थाने पहुंचा बेटा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Following a quarrel and physical altercation with his family, a distressed son killed his father by striking him on the head with a stone; the son subsequently turned himself in at the police station, and the police arrested the accused.
दुर्ग/बोरी : दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पिता की मौत की खबर देने वाला बेटा ही हत्या का आरोपी निकला. पुलिस ने जांच के बाद आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. यह यह घटना बोरी थाना क्षेत्र के नवागांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक नवागांव में कुलेश्वर साहू उम्र 39 साल अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रह रहा था. 17 जून को कुलेश्वर के घर से तेज बदबू आने लगी. पड़ोसियों और रिश्तेदारों को शक हुआ तो उन्होंने घर के भीतर जाकर देखा। कमरे में कुलेश्वर साहू का सड़ा-गला शव पड़ा हुआ था.
शव इतनी बुरी तरह सड़ चुका था कि पूरा शरीर काला पड़ गया था और फूल गया था. रिश्तेदारों ने मृतक के बेटे नीलकमल साहू को खबर दी, जिसके बाद वह गांव पहुंचा और फिर पुलिस को इसकी जानकारी दी. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी.
मौके की जांच के दौरान पुलिस को मृतक के माथे पर गहरी चोट के निशान मिले. शव की हालत खराब होने के बावजूद सिर पर लगी गंभीर चोट साफ दिखाई दे रही थी. इससे पुलिस को मौत के पीछे हत्या की आशंका हुई. पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया.
यहीं से मामले में अहम सुराग मिला. 23 जून को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बताया कि कुलेश्वर की मौत सिर पर किसी भारी और ठोस वस्तु से किए गए वार की वजह से हुई है. रिपोर्ट में मौत को हत्या बताया गया. डॉक्टरों ने रिपोर्ट में यह भी बताया कि कुलेश्वर की मौत करीब 2 से 3 दिन पहले हो चुकी थी. रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने हत्या और सबूत छिपाने का मामला दर्ज कर जांच और तेज कर दी.
पुलिस ने मृतक के परिजनों, पड़ोसियों और जानने वालों से पूछताछ की. जांच में कई ऐसे सबूत मिले. जिनसे शक मृतक के बेटे नीलकमल साहू पर गया. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
जांच में साफ हो गया कि पिता की हत्या उसके बेटे ने ही की है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश कर दिया.
पुलिस जांच में आरोपी ने बताया कि उसके पिता का करीब 5 साल पहले एक्सीडेंट हुआ था. जिसके बाद उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी. वह अचानक गुस्सा हो जाते थे. और गाली-गलौज और मारपीट करने लगते थे. परिवार के लोगों उसका आए दिन झगड़ा और मारपीट होता था. इससे परेशान होकर उसकी पत्नी, बेटा और 15 साल की बेटी करीब दो महीने पहले घर छोड़कर अपने रिश्तेदारों के यहां रहने चले गए थे. परिवार और कुलेश्वर के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था. पिता के लगातार ऐसे व्यवहार से परेशान होकर बेटे ने अपने पिता के सिर पर पत्थर पटककर मार डाला.
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि एफएसएल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हुआ कि मृतक की हत्या की गई थी. जांच के दौरान मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर मृतक के पुत्र नीलकमल साहू को आरोपी पाया गया. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



