NH-130C पर दर्दनाक सड़क हादसा: पुल से टकराई तेज रफ़्तार पल्सर बाइक, तीन युवक घायल; दो की हालत नाजुक, दोनों रेफर, इलाज जारी
Horrific road accident on NH-130C: Speeding Pulsar bike crashes into a bridge; three youths injured—two in critical condition, both referred for further treatment.
गरियाबंद/मैनपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130C पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मैनपुर से गरियाबंद की ओर जा रही एक पल्सर बाइक गौरघाट के पास पैरी नदी पुल से टकरा गई. हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए. जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक मैनपुर से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बुढ़ार के निवासी तीन युवक किसी काम से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मैनपुर से गरियाबंद की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान गौरघाट स्थित पैरी नदी पुल के पास बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिर गए.
इस हादसे में दो युवकों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. जबकि तीसरे युवक के पैर में चोट लगी है. हादसे की खबर मिलने के बाद मैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर पहुंचाया.
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दो घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर कर दिया। वहीं तीसरे घायल का इलाज जारी है.
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह बाइक के अनियंत्रित होकर पुल से टकराना माना जा रहा है. हालांकि हादसे की असल वजह का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से आए दिन हादसे होते ही रहते हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेत एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



