रायपुर में कारोबारी की स्कूटी से 53 लाख लेकर फरार, गीजर और खिलौनों से निकले नोटों के बंडल, पहचान छिपाने बदलते रहे कपड़े, 2 गिरफ्तार
In Raipur, suspects fled with ₹53 lakh taken from a businessman’s scooter; bundles of cash were discovered hidden inside a geyser and toys. The individuals frequently changed their clothes to conceal their identities; two people have been arrested.
रायपुर : रायपुर में रेडीमेड कपड़ों के कारोबारी किशोर बलवानी की एक्टिवा से 53 लाख से भरा बैग चोरी करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. कारोबारी 9 अक्टूबर को घर से पंडरी कपड़ा मार्केट जा रहे थे. रास्ते में कटोरा तालाब के संत कंवर राम चौक पर पान खाने रुके. तभी आरोपी एक्टिवा के सामने रखा बैग लेकर फरार हो गए.
पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालकर दोनों की पहचान की. पूछताछ में पता चला कि आरोपी करीब एक हफ्ते से कारोबारी पर नजर रख रहे थे. आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए रास्ते में कपड़े बदले और CCTV कैमरों से बचने के लिए दूसरे रास्तों का इस्तेमाल किया.
उन्होंने चोरी की रकम गीजर, TV के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाई थी. पुलिस ने पूरी 53 लाख की रकम बरामद कर ली है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष यदु उम्र 39 साल और कमलेश कुशवाहा उम्र 36 साल के रूप में हुई है दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पूरा मामला
शैलेन्द्र नगर के किशोर बलवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है. 9 अक्टूबर को सुबह करीब 11:40 बजे वे घर से दुकान जाने के लिए निकले थे. एक्टिवा के सामने के पायदान पर सफेद बैग में 53 लाख कैश रखे हुए थे.
करीब 11:45 बजे वे कटोरा तालाब के संत कंवर राम चौक पर अप्पू पान ठेले के सामने रुके और पान खाने चले गए. लौटे तो एक्टिवा में सामने रखा बैग गायब था. इसके बाद उन्होंने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की.
हजारों CCTV फुटेज खंगाले, कपड़े बदलते दिखे आरोपी
मामले की जांच में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के CCTV कैमरे खंगाले. फुटेज में बिना नंबर की पल्सर बाइक पर दो संदिग्ध नजर आए. पुलिस ने उनके भागने के संभावित रास्तों पर लगे हजारों कैमरों के फुटेज को एक-एक कर मिलाया.
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार कपड़े बदल रहे थे. वे ऐसे रास्तों से भी निकले. जहां CCTV कैमरों की निगरानी से बचा जा सके. तकनीकी जांच और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
एक हफ्ते से कारोबारी पर नजर रख रहे थे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब एक हफ्ते से कारोबारी पर नजर रख रहे थे. उन्हें पता था कि वह किस समय घर से दुकान जाता है और उसकी रोजाना की दिनचर्या क्या है. 9 अक्टूबर को जैसे ही कारोबारी घर से निकला. दोनों उसके पीछे लग गए. कटोरा तालाब के पास मौका मिलते ही उन्होंने एक्टिवा के आगे रखे नकदी से भरे बैग को उठाया और फरार हो गए.
गीजर, TV और बच्चों के खिलौनों में छिपाई रकम
वारदात के बाद आरोपियों ने कैश अपने घरों में अलग-अलग जगह छिपा दी थी. रकम का कुछ हिस्सा गीजर के अंदर, कुछ TV के पीछे और कुछ बच्चों के खिलौनों में रखा गया था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 53 लाख रुपए बरामद किए. इसके अलावा 3 बैंक खाते फ्रीज कराए गए और पल्सर बाइक और दो मोबाइल जब्त किए गए.
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
रायपुर के डीडी नगर निवासी मनीष यदु के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मारपीट और जुआ एक्ट के तहत पहले भी मामले दर्ज हैं. इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है. साल 2012 में उसने आजाद चौक थाने में कैश लूट की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी. इस मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी. वहीं, दूसरा आरोपी टाटीबंध निवासी कमलेश कुशवाहा भी पहले मारपीट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और जेल जा चुका है.
गिरफ्तार आरोपी
1. मनीष यदु पिता शत्रुघन लाल यदु उम्र 39 साल निवासी सेक्टर-2, डी.डी. नगर, रायपुर
2. कमलेश कुशवाहा पिता शिवनाथ कुशवाहा उम्र 36 साल निवासी भारत माता स्कूल के पास, टाटीबंध, रायपुर
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



