स्क्रैप चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, रायपुर स्टील कंपनी के दो डायरेक्टर विनोद गर्ग और संदीप सिंह गिरफ्तार, 3 सस्पेंड, अब तक 21 आरोपियों को भेजा गया जेल
Major action in scrap theft case: Two directors of Raipur Steel Company, Vinod Garg and Sandeep Singh, arrested; three suspended; 21 accused sent to jail so far.
दुर्ग/भिलाई : भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से स्क्रैप चोरी कर उसे रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा स्थित औद्योगिक संस्थान में खपाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मामले में कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है. प्लांट प्रबंधन ने तीन कर्मचारी भी निलंबित किए हैं. थाना पुरानी भिलाई में दर्ज अपराध क्रमांक 277/2026 में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
स्क्रैप चोरी मामले में लगातार कार्रवाई जारी
मिली जानकारी के मुताबिव पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में 26 मई 2026 को अकलोरडीही खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स से भारी तादाद में लोहे का स्क्रैप बरामद किया गया था. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की थी. जांच के दौरान अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था. पुलिस लगातार मामले से जुड़े अन्य लोगों और चोरी किए गए स्क्रैप के खरीदारों की भूमिका की जांच कर रही थी.
तकनीकी सबूतों से सामने आई जानकारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी सबूतों के विश्लेषण के दौरान अहम जानकारी सामने आई. जांच में पुलिस को ऐसे सबूत मिले. जिनके आधार पर भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किए गए स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा स्थित औद्योगिक संस्थान में खपाए जाने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने कंपनी से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की जांच शुरू की.
कंपनी के दो डायरेक्टर गिरफ्तार
इस मामले में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह को 18 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी विनोद कुमार गर्ग की उम्र 60 साल है. वह वालफोर्ट सिटी भाठागांव, रायपुर निवासी हैं और रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर हैं. वहीं दूसरे आरोपी संदीप कुमार सिंह उम्र 39 साल स्मृति नगर, सुपेला क्षेत्र, दुर्ग निवासी हैं और कंपनी में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं.
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत के सामने पेश किया. अदालत के हुक्म पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बीएसपी के तीन कर्मी सस्पेंड
एसएमएस-3 विभाग में पदस्थ तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है. निलंबित किए गए कर्मियों में जीएम हिमांशु भूषण मालिक, नॉन-एग्जीक्यूटिव धनंजय वर्मा और मनोज कुमार देवांगन शामिल हैं. संयंत्र प्रबंधन ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और निष्कर्षों के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
21 आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी
पुरानी भिलाई थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्क्रैप चोरी और उसे खपाने के पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे. साथ ही चोरी किए गए माल की सप्लाई और खरीद से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



