रायपुर के एप्पल स्टोर में 2 करोड़ की चोरी का खुलासा, 8 मिनट में वारदात, 1000 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले फुटेज, दो आरोपी गिरफ्तार. 132 आईफोन बरामद
Rs 2 crore theft at Raipur Apple Store uncovered; crime executed in 8 minutes. Over 1,000 CCTV feeds examined; two suspects arrested. 132 iPhones recovered.
रायपुर : राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये के आईफोन चोरी होने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गैंग का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए 132 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इस मामले में गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं. जिनकी तलाश की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक 31 अक्टूबर की आधी रात के बाद चोरों ने तेलीबांधा स्थित एप्पल स्टोर को निशाना बनाया था. आरोपी दुकान में रखे बड़ी तादाद में आईफोन लेकर फरार हो गए थे. वारदात के दौरान उन्होंने स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकाल लिया. ताकि पुलिस को सीधे दुकान के फुटेज न मिल सकें.
8 मिनट में वारदात, 1000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले की जांच के लिए करीब 40 सदस्यीय पुलिस टीम गठित की गई थी. पुलिस ने घटनास्थल से करीब 250 किलोमीटर के दायरे में लगे 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का मुआयना किया. इसके अलावा 1100 से ज्यादा सेल आईडी टावर और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों के डेटा की जांच की गई.
दूर लगे एक कैमरे के धुंधले फुटेज में पुलिस को दोपहिया वाहन पर तीन संदिग्ध दिखाई दिए. फुटेज के मुताबिक संदिग्ध रात 2 बजकर 37 मिनट पर मौके के पास पहुंचे और महज आठ मिनट बाद 2 बजकर 45 मिनट पर वहां से निकल गए. पुलिस ने इसी सुराग को जांच का आधार बनाया और आरोपियों की तलाश में कई राज्यों तक अभियान चलाया.
महाराष्ट्र में मिला चोरी का सुराग
जांच के दौरान पुलिस टीम महाराष्ट्र के मौधा पहुंची. वहां कोल्हान नदी के किनारे कुछ दिन पहले एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी मिली थी. बाइक के इंजन और चेसिस नंबर को मिटाने की कोशिश की गई थी. जांच में यह मोटरसाइकिल रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी होना सामने आया. इसके बाद पुलिस ने कड़ियां जोड़ते हुए गिरोह के सदस्यों की पहचान की.
आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में लगातार सक्रिय रहीं. इस दौरान अंतरराज्यीय कंजर गैंग के चार सदस्यों की पहचान हुई. जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों के कब्जे से चोरी के 132 आईफोन बरामद किए गए हैं.
गिरोह के सरगना पर 47 से ज्यादा मामले दर्ज
इस गिरोह का सरगना राजेश कंजर उर्फ झाला है. जिसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोप है कि उसने अपने बेटे और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. वहीं सफान खान पर चोरी के मोबाइल खपाने की जिम्मेदारी होने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि उसे विदेश भागने से पहले पकड़ लिया गया.
फिलहाल गिरोह के दो अन्य आरोपी राज झाला और राजेश लोधी दोनों निवासी देवास (मध्यप्रदेश) फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. इस कार्रवाई के बाद करीब 2 करोड़ रुपये की आईफोन चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. हालांकि चोरी गए सभी मोबाइल की बरामदगी और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



