विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा, 11 केवी लाइन के करंट लगते ही खंभे पर लटक गया ठेकाकर्मी, इलाज जारी, सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

Negligence by the electricity department resulted in a major accident; a contract worker was electrocuted on an 11kV line and was left hanging from a pole. Treatment is ongoing, and safety concerns are again raised.

विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा, 11 केवी लाइन के करंट लगते ही खंभे पर लटक गया ठेकाकर्मी, इलाज जारी, सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

बिलासपुर/बिल्हा : बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र स्थित मोहभट्टा मेला परिसर में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर सामने आई है. यहां 11 केवी विद्युत लाइन पर काम के दौरान एक ठेका कर्मी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया. हादसे के बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसका इलाज जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक विद्युत लाइन से संबंधित कार्य के लिए एक ठेका कर्मी को खंभे पर चढ़ाकर मरम्मत का काम कराया जा रहा था. आरोप है कि जिस लाइन पर काम कराया जा रहा था. वह पूरी तरह बंद नहीं की गई थी. इसी दौरान युवक अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया.
सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप..
स्थानीय लोगों के के मुताबिक ठेका कर्मी बिना किसी जरुरी सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी किट के काम कर रहा था. न तो उसे पुख्ता सुरक्षा साधन उपलब्ध कराए गए थे और न ही कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था. ऐसे में हादसे ने विभागीय कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
चश्मदीदों का कहना है कि अगर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता और लाइन को पूरी तरह बंद कर कार्य कराया जाता तो इस हादसे से बचा जा सकता था.
करीब 20 प्रतिशत तक झुलसा युवक..
करंट लगने से युवक के शरीर का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल घायल का इलाज बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में चल रहा है. जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
ठेका कर्मियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल..
इस हादसे ने एक बार फिर विद्युत विभाग में कार्यरत ठेका कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अक्सर देखने में आता है कि बिजली लाइनों पर काम करने वाले कर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते. जिससे उनकी जान हमेशा जोखिम में बनी रहती है.
जांच और कार्रवाई की मांग..
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा नियमों की अनदेखी साबित होती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए. ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे दोबारा न हो.
फिलहाल बिल्हा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग विद्युत विभाग से ठेका कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t