धमतरी के होटल में युवती की संदिग्ध मौत, शादी से मुकरने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, आरोपी टिकेश्वर प्रेमी गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल
Suspicious death of a young woman at a hotel in Dhamtari; allegations include backing out of marriage and abetment of suicide; the accused, Tikeshwar Premi, has been arrested and sent to jail.
धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी में होटल के कमरे में युवती की खुदकुशी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने उसके प्रेमी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर शादी से मुकरने, युवती के साथ मारपीट और मानसिक व शारीरिक प्रताडऩा देने और खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप है. पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. यह मामला सिटी कोतवाली थाना इलाके का है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतका पिंकी मानिकपुरी उम्र 22 साल कबीरधाम जिले की रहने वाली थी. उसका धमतरी के गोकुलपुर वार्ड नम्बर 36 निवासी टिकेश्वर साहू के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था. लेकिन बाद में शादी से इंकार कर दिया.
बताया गया कि 24 सितंबर को पिंकी कवर्धा से धमतरी आई थी और शहर के होटल सीजी-05 के कमरा नंबर 106 में ठहरी थी. 25 सितंबर की शाम टिकेश्वर उससे मिलने होटल पहुंचा. पुलिस की जांच के मुताबिक दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई. जिसके दौरान विवाद हुआ. आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज और मारपीट की. इसके बाद उसी दिन पिंकी का शव होटल के कमरे में फांसी पर लटका मिला.
घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु की. जांच में सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर पुलिस ने खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस ने 9 अक्टूबर को टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू निवासी गोकुलपुर वार्ड नम्बर 36, धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया. मामले में आगे की जांच जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



