गरियाबंद में 22 नग कीमती हीरे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार!, ग्राहक की तलाश में चढ़े पुलिस के हत्थे, 4 लाख का सामान जप्त, देवभोग पुलिस का खुलासा
Two smugglers arrested in Gariaband with 22 precious diamonds! Police caught them while searching for a customer, goods worth 4 lakhs seized, Devbhog police revealed.
गरियाबंद : गरियाबंद पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों के मंसूबों पर ब्रेक लगाते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देवभोग पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को 22 नग बहुमूल्य हीरा जैसे खनिज पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 9 नवम्बर 2025 को देवभोग पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि ग्राम देवभोग के शरदापुर आईटीआई कॉलेज के सामने दो व्यक्ति संदेहास्पद हालत में चमकीले पत्थर लेकर ग्राहक का इन्तेजार कर रहे हैं. खबर मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया और पूछताछ शुरु की.
दोनों आरोपी हीरा जैसे पत्थरों को ऊँचे दाम पर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में थे. तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से 22 नग चमकीले हीरा जैसे खनिज पदार्थ, कीमत लगभग ₹2,30,000/-, 2 मोबाइल फोन,एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 KB 0696), कीमत ₹35,000/-, कुल बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब ₹4 लाख रुपये आंकी गई है.
आरोपी इन खनिज पत्थरों के बारे में कोई वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सके. पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे इन्हें अवैध तरीके से बेचने के मकसद से ग्राहक खोज रहे थे.
दोनों आरोपियों के खिलाफ खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 303(2), 3(5) तथा माइनिंग एक्ट की धारा 21(4) के तहत जुर्म दर्ज किया गया है. थाना देवभोग पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले भर में अवैध गांजा, शराब और हीरा तस्करी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग और सघन जांच अभियान चला रही है. देवभोग थाना पुलिस की यह कार्रवाई इस अभियान की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है.
आरोपियों की पहचान
1️⃣ खीर सिंग मांझी पिता स्व. लालू मांझी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम झूलेनबर, थाना चांदाहांडी, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा)
2️⃣ हरी शंकर नेताम पिता स्व. देवी सिंह नेताम, उम्र 27 वर्ष, निवासी पायलीखण्ड जुगाड, जिला गरियाबंद (छत्तीसगढ़)
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



