शासन ने बढ़ाए मदद के हाथ तो आड़े आया दुकानदार, राशन लेने आए बाढ़ प्रभावितों से किया दुर्व्यवहार, राशन दुकानदार का रौब दिखाते वीडियो वायरल

When the administration extended a helping hand, a shopkeeper stood in the way; he mistreated flood victims who had come to collect rations, and a video showing him throwing his weight around has gone viral.

शासन ने बढ़ाए मदद के हाथ तो आड़े आया दुकानदार, राशन लेने आए बाढ़ प्रभावितों से किया दुर्व्यवहार, राशन दुकानदार का रौब दिखाते वीडियो वायरल

रायपुर/अभनपुर/गोबरा नवापारा :  गोबरा नवापारा नगर के तटीय वार्ड राम जानकी पारा स्थित बताए जा रहे शासकीय उचित मूल्य दुकान से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों पर दुकानदार रौब झाड़ता और उन्हें बाहर निकलने की बात कहता नजर आ रहा है.
बताया जा रहा है कि हाल ही में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को शासन की तरफ से अतिरिक्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. इसी दौरान राशन लेने पहुंचे वार्डवासियों के साथ दुकानदार के कथित व्यवहार का वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में दुकानदार हितग्राहियों को बाहर निकलो ना, आरती उतारो, नारियल फोड़ो जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता सुनाई दे रहा है.
वीडियो में दुकानदार कथित तौर पर यह भी कहते सुनाई दे रहा है. मत ले, मत ले जा… फोकट में मिलत हे त लेवत हस आके… पैसा में मिलतिस त आके लेतेस का… दुकानदार के इस कथित व्यवहार को लेकर राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों में नाराजगी बताई जा रही है.
बाढ़ जैसी आपदा के बाद प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है. ऐसे समय में राशन वितरण केंद्र पर हितग्राहियों के साथ दुकानदार के व्यवहार को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की आधिकारिक पहचान की पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा की जानी बाकी है.
अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर खाद्य विभाग के अधिकारी संबंधित राशन दुकान की जांच करेंगे या नहीं? अगर वीडियो में लगाए जा रहे आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है. यह देखने वाली बात होगी. मामले में अभनपुर एसडीएम रवि सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा चुका है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb