आधी रात घर में घुसकर तेंदुए ने 6 लोगों पर किया हमला, परिवार ने कमरे में किया बंद, 3 गंभीर घायल रायपुर रेफर, अस्पताल में वैक्सीन नहीं होने पर उठे सवाल

A leopard broke into a house at midnight and attacked six people; the family managed to lock it in a room. Three critically injured victims were referred to Raipur, while questions were raised over the unavailability of vaccines at the hospital.

आधी रात घर में घुसकर तेंदुए ने 6 लोगों पर किया हमला, परिवार ने कमरे में किया बंद, 3 गंभीर घायल रायपुर रेफर, अस्पताल में वैक्सीन नहीं होने पर उठे सवाल

महासमुंद/कोमाखान : महासमुंद जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात करीब डेढ़ बजे उस वक्त हड़कंप मच गया. जब एक तेंदुआ यादव परिवार के घर में घुस गया. तेंदुए ने परिवार के 6 सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. घायलों में 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं. इनमें से 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे. इसी दौरान उत्तरी बाई करीब डेढ़ बजे बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकलीं. इसी दौरान उनका सामना तेंदुए से हो गया. तेंदुए ने उत्तरी बाई पर हमला कर दिया. इसके बाद तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया.
इस हमले में सरजू यादव उम्र 60 साल, उनकी पत्नी उत्तरीबाई यादव उम्र 55 साल, जनक राम यादव उम्र 40 साल, जनकराम का बेटा मनीष उम्र 18 साल, तुषार यादव उम्र 15 साल और सुनीता यादव उम्र 34 साल घायल हो गए. घायलों में उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है. सुनीता यादव के आंख और चेहरे पर चोट बताई जा रही है. जबकि मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं.
तेंदुए के हमले के बाद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाई. जनक यादव और उत्तरी बाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया. बताया जा रहा है कि घर में उस समय करीब 10 सदस्य मौजूद थे.
घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. यहां गंभीर रूप से घायल 3 लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है.
घटना की खबर मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया. तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग ने रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई. वन विभाग की टीम उसके रेस्क्यू में जुटी हुई है.
शनिवार को पंडरीपानी में भी हमला
झिटकी गांव के आसपास तेंदुए की सक्रियता से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. बताया गया कि झिटकी के नजदीक पंडरीपानी में एक दिन पहले भी तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला किया था. लगातार दो दिनों में हमले की घटनाओं के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है. दोनों घटनाओं में एक ही तेंदुआ शामिल है या अलग-अलग, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
अस्पताल में वैक्सीन नहीं होने पर सवाल
हमले के बाद बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई. जिसके चलते सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया. वन्यजीव के हमले में एक साथ आठ लोगों के घायल होने की स्थिति में समय पर उपचार और एंटी-रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता महत्वपूर्ण है. ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. विभाग को यह साफ करना होगा कि सीएचसी में वैक्सीन क्यों उपलब्ध नहीं थी और भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए क्या व्यवस्था की गई है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb