गड्ढे में अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई यात्री बस, दो यात्रियों की दर्दनाक मौत और कई घायल, सड़क की बदहाल हालत पर उठे सवाल

A passenger bus went out of control, fell into a ditch, and collided with an electricity pole; two passengers died a tragic death and several others were injured, raising questions about the poor condition of the road.

गड्ढे में अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई यात्री बस, दो यात्रियों की दर्दनाक मौत और कई घायल, सड़क की बदहाल हालत पर उठे सवाल

बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में खराब सड़क की वजह से भीषण बस हादसा होने का मामला सामने आया है. नांदघाट थाना क्षेत्र के कुंरा गांव में रायपुर से मुंगेली जा रही एक प्राइवेट यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में बस सवार दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे के बाद सड़क की बदहाल हालत और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
सड़क के गड्ढे में उतरे पहिए, खंभे से टकराई बस
मिली जानकारी के मुताबिक आरबीएस की प्राइवेट यात्री बस रायपुर से नांदघाट होते हुए मुंगेली के लिए रवाना हुई थी. बस जब कुंरा गांव के पास पहुंची। तब सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने की वजह से चालक वाहन को सावधानीपूर्वक आगे बढ़ा रहा था. इसी दौरान बस के पहिए सड़क के एक बड़े गड्ढे में उतर गए. इससे चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई. टक्कर की व्व्झ से बस का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं. हादसे में दो यात्रियों की मौत होने की जानकारी दी गई है.
हादसे के दौरान बस में बैठे यात्रियों को जोरदार झटका लगा. हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा सवारियों के घायल होने की खबर है. इनमें कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आने की बात भी सामने आई है. फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान और उनकी चिकित्सकीय स्थिति का विस्तृत आधिकारिक विवरण उपलब्ध नहीं है.
खाद्य मंत्री के गांव की सड़क बदहाल
बताया जा रहा है कि कुंरा गांव छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल का गृहग्राम है. इसके बावजूद गांव से गुजरने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से खराब हालात में बताई जा रही है. नांदघाट से मुंगेली जाने वाले इस प्रमुख मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं. कई स्थानों पर सड़क की हालत इतनी खराब बताई जा रही है कि वाहन चालकों को सुरक्षित निकलने में परेशानी होती है. सड़क की जर्जर हालत दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए भी परेशानी की वजह बनी हुई है.
रोजाना गुजरती हैं दो दर्जन से ज्यादा बसें
नांदघाट-मुंगेली मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री बसों का संचालन होता है. रायपुर, भाटापारा और मुंगेली के बीच चलने वाली दो दर्जन से ज्यादा प्राइवेट बसें इसी रास्ते का इस्तेमाल करती हैं. सड़क खराब होने की वजह से यहां से गुजरने वाले यात्रियों को हर दिन जोखिम उठाना पड़ता है. बड़े गड्ढों के बीच भारी यात्री वाहनों का संचालन हादसों की आशंका बढ़ाता है.
सड़क मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
कुंरा गांव में हुए इस हादसे के बाद सड़क की मरम्मत और नियमित रखरखाव की जरुरत एक बार फिर सामने आई है. मुख्य मार्ग पर गड्ढों की वजह सी बस का अनियंत्रित होकर खंभे से टकराना सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. हालांकि, हादसे की असल वजह की आधिकारिक जांच से ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी. इस हादसे ने दो यात्रियों की जान ले ली और कई परिवारों को चिंता में डाल दिया है. अब सड़क की बदहाल हालत को सुधारने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरुरत है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb