शिक्षक दंपति के सूने मकान से लाखों रुपये के जेवर चोरी का खुलासा, मास्टर माइंड युवती समेत 9 गिरफ्तार, आरोपियों में चार नाबालिग भी शामिल
Theft of jewellery worth lakhs from the vacant house of a teacher couple has been uncovered; 9 people, including a young woman who acted as the mastermind, have been arrested—the accused include four minors.
बलौदाबाजार-भाटापारा : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में शिक्षक दंपति के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के 9 सदस्यों को पकड़ा है. इनमें एक युवती, चार पुरुष और चार नाबालिग शामिल हैं. गिरोह की कथित सरगना युवती चोरी की प्लान बनाती थी और इसके बाद गिरोह के सदस्य सूने मकानों को निशाना बनाते थे. आरोपियों के पकड़े जाने से चोरी के इस मामले का खुलासा हुआ है.
मिली जानकारी के मुताबिक शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी निवासी तुलसी चरण जायसवाल उम्र 32 साल ने थाना सिटी कोतवाली में चोरी की शिकायत दर्ज कराई कि 17 से 20 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए गए. चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है. इस शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305 और 61(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 और 78 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम सक्रिय की. जांच के दौरान घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया. इसके साथ ही आसपास के रास्तों और कईस्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई. पुलिस ने दर्जनों से लेकर सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया. लगातार जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी की वारदात में कथित रुप से शामिल गिरोह का पता लगाया. इसके बाद दबिश देकर कुल 9 आरोपियों को पकड़ा गया.
युवती बनाती थी चोरी की प्लान
गिरोह में शामिल सृष्टि उर्फ डाली ठाकुर उम्र 26 साल चोरी की प्लान बनाने में असली रोल निभाती थी. गिरोह के सदस्य ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे. जहां ताला लगा हो और घर के सूने होने की आशंका हो. इसके बाद मकान में प्रवेश कर कीमती सामान चोरी किया जाता था. इस मामले में पुलिस ने पांच बालिग आरोपियों और चार नाबालिग बालकों को पकड़ा है. हालांकि चोरी की प्लान बनाने और गिरोह में सभी सदस्य की भूमिका से संबंधित डिटेल जानकारी पुलिस की जांच के दायरे में है.
23 अक्टूबर को पकड़े गए आरोपी
सभी आरोपियों को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और उन्हें अदालत के सामने पेश किया गया. गिरफ्तार बालिग आरोपियों में रितेश कुमार पाढ़ी उम्र 34 साल, हेमनाथ यादव उर्फ गोलू उर्फ टप्पू उम्र 27 साल, प्रियांशु साहू उर्फ लक्की उम्र 18 साल 3 महिना), युवराज दुलानी उर्फ युवी उम्र 18 साल और सृष्टि उर्फ डाली ठाकुर उम्र 26 साल शामिल हैं. इनके अलावा चार नाबालिग भी पकड़े गए हैं.
पुलिस ने चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच, मुखबिरों से मिली जानकारी और पूछताछ को अहम बताया है. मामले में आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित वारदातों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सकती है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



