17 बार कॉल, नहीं मिला जवाब, नवविवाहिता ने लगाई फांसी, घर पहुंची गर्लफ्रेंड तो हुआ झगड़ा, पत्नी को बंद कर बाहर चला गया पति, जांच में जुटी पुलिस
Called 17 times with no response, newlywed woman hangs herself; altercation ensued when girlfriend arrived at the house; husband locked wife inside and left; police investigating.
दुर्ग/उमरपोटी : दुर्ग के उमरपोटी में 14 अगस्त की रात एक नवविवाहिता ने घर के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. मृतिका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रवीना यादव उम्र 23 साल के रूप में हुई है. रवीना की शादी करीब डेढ़ साल पहले जौनपुर के ही विपुल यादव उम्र 27 साल से हुई थी.
विपुल यादव दुर्ग में अपने चाचा के पास रहकर प्लंबिंग का काम करता था. मायके वालों ने नवविवाहिता की मौत की वजह पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को बताया है. आरोपों के मुताबिक घटना से पहले पति की गर्लफ्रेंड उनके घर पहुंची. इसे लेकर दोनों को बीच विवाद हुआ था.
आरोप है कि पति ने पत्नी को कमरे में बंद कर दिया और गर्लफ्रेंड को लेकर बाहर चला गया. पत्नी ने पति को रात में 17 बार कॉल किया. लेकिन जवाब नहीं मिला. इसके बाद नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रेमिका के घर पहुंचने की बात सामने आई
परिजनों के मुताबिक 14 अगस्त की रात रवीना और उसका पति घर पर मौजूद थे. इसी दौरान पति की प्रेमिका के घर पहुंचने की बात सामने आई. रवीना को इसकी जानकारी होने पर पति से विवाद हुआ. मृतिका के मामा साहब लाल यादव का आरोप है कि विवाद के बाद पति ने रवीना को एक कमरे में बंद कर दिया और कथित प्रेमिका के साथ घर से बाहर चला गया.
रात में 17 बार फोन किया, जवाब नहीं मिला
परिजनों का कहना है कि कमरे में बंद होने के बाद रवीना ने पति से संपर्क करने की कई कोशिशें कीं. रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच उसने पति को करीब 17 बार फोन किया. लेकिन किसी कॉल का जवाब नहीं मिला.
इससे पहले रात करीब 8:30 बजे रवीना ने पति की प्रेमिका को भी फोन किया था. मामा के मुताबिक दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई. इस दौरान रवीना ने महिला से उसके पति के साथ कथित रिश्ते को लेकर बात की थी. परिजनों का दावा है कि बातचीत के दौरान रवीना ने गुस्से और तनाव में खुद को या पति को कुछ कर लेने जैसी बातें भी कही थीं.
शादी से पहले भी विवाद का दावा, पैसों की मांग का आरोप
मृतिका के मायके वालों ने पति-पत्नी के बीच शादी से पहले से ही विवाद होने का दावा किया है. परिजनों के मुताबिक सगाई के बाद दोनों के रिश्ते में खटास शुरू हो गई थी.
परिवार का आरोप है कि सगाई के बाद युवक ने रवीना से निजी तस्वीरें मांगी थीं. बाद में उन्हीं तस्वीरों को परिवार के सदस्यों को दिखाकर रवीना के चरित्र पर सवाल उठाए और शादी से इंकार करने की बात कही. मायके वालों ने शादी के लिए पैसों की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया है.
परिजनों के मुताबिक मामला दोनों परिवारों के बीच बैठक तक पहुंचा था. इसके बाद कथित तौर पर पैसों का लेनदेन हुआ और दोनों की शादी हुई. हालांकि इन सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, कोई संतान नहीं
रवीना और विपुल की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी. दोनों की कोई संतान नहीं थी. विपुल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रामनगर क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है. काम के सिलसिले में वह अपने चाचा भरत यादव के साथ उमरपोटी में रहता था और प्लंबिंग का काम करता था. उसके पिता मुंबई में रहकर काम करते हैं.
सुबह मायके वालों को मिली मौत की खबर
परिजनों के मुताबिक 15 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे उन्हें रवीना की मौत की जानकारी मिली. खबर मिलते ही जौनपुर से परिवार के सदस्य दुर्ग पहुंचे. नवविवाहिता की मौत की खबर मिलने पर पुलिस ने जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू की.
16 अगस्त को महिला चिकित्सकों की गठित टीम ने रवीना के शव का पोस्टमॉर्टम किया. इसके बाद उसके पिता लल्लन यादव सहित मायके के परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए.
मोबाइल और कॉल डिटेल की जांच करेगी पुलिस
फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिलने की वजह से मृतका का मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, पति-पत्नी के बीच विवाद, कथित प्रेम संबंध और मायके वालों की तरफ से लगाए गए पुराने आरोप जांच के अहम बिंदु होंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



