रायपुर में देर रात खूनी वारदात, 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, आपसी विवाद में धारदार हथियारों से हमला, ट्रेन से भाग रहे 4 नाबालिग पकड़ाए

Late-night violent incident in Raipur: 22-year-old man stabbed to death following an altercation involving sharp-edged weapons; four minors apprehended while attempting to flee by train.

रायपुर में देर रात खूनी वारदात, 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, आपसी विवाद में धारदार हथियारों से हमला, ट्रेन से भाग रहे 4 नाबालिग पकड़ाए

रायपुर : राजधानी रायपुर में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास में 30 अगस्त की रात 11 बजे एक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में मिला था. पुलिस ने उसे फौरन इलाज के लिए AIIMS रायपुर पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल चार आरोपियों को हिरासत में लिया है. खास बात यह है कि पकड़े गए सभी आरोपी नाबालिग हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक 30 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे पुरानी बस्ती पुलिस को अश्वनी नगर में एक युवक डंगनिया निवासी अहमद खान उम्र 22 साल के गंभीर रूप से घायल हालत में पड़े होने की खबर मिली. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को AIIMS रायपुर ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
वारदात की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर सबूत जुटाए और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरु की.
ट्रेन से भागने की फिराक में थे आरोपी
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के ट्रेन के जरिए रायपुर से बाहर भागने की खबर मिली. खबर मिलते ही रायपुर पुलिस ने RPF के साथ समन्वय स्थापित किया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी.
पुलिस की तत्परता के चलते तीन आरोपियों को बिलासपुर में, जबकि एक आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया. इस तरह मामले में कुल चार आरोपियों को पकड़ा गया है.
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका
शुरुआती पूछताछ और जांच में पुलिस के सामने यह तथ्य आया है कि वारदात को आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया. पुलिस अब हिरासत में लिए गए सभी नाबालिगों से घटना के बारे में डिटेल पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में से एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही लूट के एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था. बाहर आने के कुछ ही समय बाद वह इस हत्या की वारदात में शामिल हो गया. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?