करोड़ों के फ्रॉड का खुलासा, WhatsApp पर फर्जी पहचान बनाकर कंपनियों से ठगी, 1.38 करोड़ की रकम होल्ड, अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार

Multi-crore fraud unearthed: Interstate gang swindled companies by assuming fake identities on WhatsApp; ₹1.38 crore frozen, 5 suspects arrested.

करोड़ों के फ्रॉड का खुलासा, WhatsApp पर फर्जी पहचान बनाकर कंपनियों से ठगी, 1.38 करोड़ की रकम होल्ड, अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर : साइबर अपराधियों ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कंपनियों के उच्च अधिकारियों के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर दो व्यावसायिक संस्थानों से 2.93 करोड़ रुपये की बड़ी साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दिया है. जालसाजों ने कंपनी के अधिकृत अधिकारियों के फोटो और नाम का सहारा लेकर उनके कर्मचारियों को झांसे में लिया और बैंक खातों से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करवा ली. इस मामले में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले से तीन आरोपियों और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा पुलिस ने बैंक अधिकारियों से बेहतर तालमेल बिठाकर ठगी गई रकम में से 1.38 करोड़ रुपये बैंक खातों में ही होल्ड करवा दिए हैं.
कंपनियों के खातों से धोखाधड़ी का तरीका
पहला मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का सामने आया है. जहां कमल विहार निवासी और राठी बंधुस कमर्शियल प्रा. लि. के निदेशक विजय राठी के नाम का दुरुपयोग किया गया. साइबर ठगों ने 19 से 21 अक्तूबर  के बीच निदेशक विजय राठी की प्रोफाइल फोटो और नाम का इस्तेमाल कर कंपनी के अकाउंटेंट लेखराम चक्रधारी को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजे। अकाउंटेंट ने संदेशों को असली समझकर कंपनी के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया स्थित खाते से 93 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिया. धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.
दूसरा मामला, तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है. जहां ट्रांसफॉर्मर एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के मुख्य वित्त अधिकारी ओमकार वरु ने शिकायत दर्ज कराई. इस मामले में आरोपियों ने कंपनी के अधिकृत व्यक्ति अंशुल शर्मा की पहचान का इस्तेमाल कर अकाउंटेंट बिरेश तिवारी को व्हाट्सएप मैसेज भेजा. जालसाजों ने टी-के कंस्ट्रक्शन नाम के खाते में 2 करोड़ रुपये भेजने का निर्देश दिया. अकाउंटेंट ने बैंक ऑफ वडोदरा की पंडरी शाखा स्थित कंपनी के खाते से यह रकम फौरन ऑनलाइन भेज दी.
अंतरराज्यीय छापेमारी में पांच आरोपी गिरफ्तार
दोनों वारदात में ठगी का एक जैसा तरीका देखने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, टिकरापारा पुलिस और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रुप से मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस टीम ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप प्रोफाइल, बैंक खातों के डिटेल और सीसीटीवी फुटेज का गहराई से मुआयना किया. तकनीकी सबूतों के आधार पर टिकरापारा थाना पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले में उल्हासनगर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश कन्हैया लाल चुथ उम्र 20 साल, साहिल रमेश नथानी उम्र 23 साल और राज चन्दर लाल जुमानी उम्र 23 साल के रुप में हुई.
तेलीबांधा के मामले में पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से विनय श्रीवास्तव उम्र 47 साल और विनोद कुमार उम्र 49 साल को गिरफ्तार किया. हालांकि प्रयागराज की अदालत ने दोनों आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया. पुलिस अब दोनों को आगे की कानूनी जांच के लिए रायपुर लाने की प्रक्रिया पूरी कर रही है. इसके साथ ही पुलिस ने इस मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी को रायपुर में उपस्थित होने का नोटिस जारी किया है.
1.38 करोड़ रुपये होल्ड और सामग्री जब्त
पुलिस टीम ने बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कके दोनों मामलों की ठगी गई रकम में से कुल 1.38 करोड़ रुपये होल्ड करवा दिए हैं. इनमें टिकरापारा मामले के 24 लाख रुपये और तेलीबांधा मामले के 1.14 करोड़ रुपये शामिल हैं. टिकरापारा मामले में गिरफ्तार आरोपियों के पास से 25 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, 3 एटीएम कार्ड और 3 पासबुक जब्त की गई हैं. जबकि तेलीबांधा मामले में पुलिस ने 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
मोबाइल फोनों की तकनीकी जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ कि टिकरापारा मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों की तेलीबांधा में हुई 2 करोड़ रुपये की ठगी में भी सीधी संलिप्तता है. पुलिस अब जब्त किए गए सभी मोबाइल फोनों की तकनीकी जांच करवा रही है. पुलिस अधिकारी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं. ताकि साइबर अपराध के इस अंतरराज्यीय गिरोह, अन्य सहयोगियों और ठगी की रकम के लेन-देन वाले बैंक खातों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb