जंगल में लकड़ी काटने गए ग्रामीण पर तेंदुए ने किया हमला, टंगिया लेकर भिड़ गया टेकराम, जान बचाकर भागा तेंदुआ, हमले में गंभीर रुप से घायल

A leopard attacked a villager who had gone into the forest to cut wood; Tekram fought back, wielding an axe, which forced the leopard to flee—the villager sustained serious injuries in the attack.

जंगल में लकड़ी काटने गए ग्रामीण पर तेंदुए ने किया हमला, टंगिया लेकर भिड़ गया टेकराम, जान बचाकर भागा तेंदुआ, हमले में गंभीर रुप से घायल

कवर्धा/सहसपुर लोहारा : कवर्धा जिले में तेंदुए के हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत बढ़ रही है. ताजा मामला सहसपुर लोहारा वन परिक्षेत्र के कुटकिपारा गांव का है. यहां जंगल से लकड़ी लेने गए एक ग्रामीण पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. हमले के दौरान ग्रामीण ने हिम्मत दिखाते हुए अपने पास मौजूद टांगिया से तेंदुए पर पलटवार किया. ग्रामीण के वार से तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया. लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था. उसके हाथ और कंधे पर गहरे जख्म आए हैं. फिलहाल घायल का लोहारा उपस्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया जा रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कुटकिपारा निवासी टेकराम ध्रुव उम्र 35 साल शनिवार शाम घरेलू काम के लिए लकड़ी लेने पास के जंगल गया था. वह जंगल में लकड़ियां इकट्ठा कर रहा था. इसी दौरान अचानक उसका सामना तेंदुए से हो गया. ग्रामीण कुछ समझ पाता, इससे पहले ही तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से टेकराम घबरा गया और उसने खुद को बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश की. लेकिन तेंदुए ने उस पर पंजों से हमला कर दिया. जिससे उसके हाथ और कंधे में गंभीर चोटें आईं.
किसी तरह वह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी हमले की जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे फौरन लोहारा उपस्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है. मेडिकल जांच के मुताबिक उसकी हालत सामान्य है. एहतियात के तौर पर उसे अस्पताल में निगरानी में रखा गया है. इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में जंगल जाने को लेकर डर का माहौल है.
कवर्धा में भी तेंदुए की मौजूदगी
कवर्धा शहर और आसपास के इलाकों में भी तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ी है. पिछले कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों से तेंदुए के देखे जाने के वीडियो और खबरें सामने आ रही हैं. हालांकि, वन विभाग ने कुछ स्थानों पर ही तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की है. लगातार मिल रही ख़बरों के बाद विभाग की टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं.
वन विभाग की निगरानी
वन विभाग रात के समय पिंजरा लगाकर निगरानी कर रहा है. इसके साथ ही ड्रोन के जरिए भी जंगल और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. कुटकिपारा में ग्रामीण पर हुए हमले के बाद वन क्षेत्र से लगे गांवों में सतर्कता बढ़ाने की जरुरत महसूस की जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb