रायपुर में हत्या का खुलासा, छेड़खानी के विवाद में चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट, 12 घंटे के भीतर 4 नाबालिग समेत 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार
Murder case solved in Raipur: Victim stabbed to death following a dispute over molestation; eight accused, including four minors, arrested within 12 hours.
रायपुर : राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते 23 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में डीडी नगर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वारदात में कथित रूप से शामिल चार नाबालिग बालकों को भी हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई.
मिली जानकारी के मुताबिक 23 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात करीब 12:20 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा निवासी 23 साल के भोला गोस्वामी का कुछ युवकों से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया. कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया. आरोप है कि युवकों ने अपने नाबालिग साथियों के साथ मिलकर भोला पर हमला कर दिया.
मारपीट के दौरान आरोपियों ने भोला गोस्वामी पर चाकू से गंभीर वार किए. हमले में वह बुरी तरह घायल होकर मौके पर गिर गया. वारदात के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया. लेकिन मेकाहारा अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
वारदात की खबर मिलने के बाद डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की. मृतक के परिचित 23 वर्षीय लोकेश विश्वकर्मा निवासी श्रीराम नगर, चंगोराभाठा की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ हत्या और सामूहिक अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 191(2) और 190 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की. वारदात की गंभीरता और आरोपियों के फरार होने की आशंका को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने डीडी नगर थाना पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की. इसके साथ ही तकनीकी सबूतों, मोबाइल गतिविधियों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से संदिग्धों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई. लगातार दबिश और पतासाजी के बाद पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर आठ लोगों को पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में 19 साल का आशीष यादव उर्फ देव कुमार यादव, 21 साल का पिताम्बर निषाद, 18 साल का रवि ध्रुव उर्फ घनश्याम ध्रुव और 19 साल का सागर यादव शामिल हैं. आशीष यादव, पिताम्बर निषाद और रवि ध्रुव श्रीराम नगर, चंगोराभाठा क्षेत्र के निवासी हैं. सागर यादव गरियाबंद के वार्ड क्रमांक आठ स्थित डाक बंगला क्षेत्र का रहने वाला है.
पुलिस ने चार नाबालिग बालकों को भी हिरासत में लिया है. नाबालिग होने की वजह से उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. उनके खिलाफ किशोर न्याय से जुड़े कानूनी प्रावधानों के मुतैक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस सभी आरोपियों की वारदात में अलग-अलग भूमिका की जांच कर रही है.
शुरुआती जांच में घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई गई है. हालांकि विवाद कब शुरू हुआ. दोनों पक्षों के बीच पहले क्या घटना हुई थी और हत्या की कोई पूर्व योजना थी या नहीं. इन सभी बिंदुओं की जांच जारी है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य सबूतों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
इस मामले में सबूत इकठ्ठा, घटनास्थल की जांच और गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. गिरफ्तार वयस्क आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जबकि चारों नाबालिगों के मामले में सक्षम किशोर न्याय बोर्ड के सामने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



