भाजपा को लगा झटका, राहुल गांधी के विचारों से प्रभावित होकर युवाओं ने थामा कांग्रेस का हाथ, विधायक इन्द्र साव ने कांग्रेसी गमछा पहनाकर किया स्वागत
Setback for the BJP: Influenced by Rahul Gandhi's ideas, youths have joined the Congress; MLA Indra Sao welcomed them by draping the Congress scarf around their necks.
बलौदाबाजार : भाजपा सरकार की कथित नाकामियों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर नाराजगी जताते हुए राहुल गांधी जी विचारों से प्रभावित होकर राजपुर क्षेत्र के युवाओं ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया. विधायक इंद्र साव की मौजूदगी में युवाओं ने कांग्रेस में प्रवेश करते हुए पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया. विधायक इन्द्र साव ने नवप्रवेशी युवाओं का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए युवाओं ने भाजपा सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठाते हुए रोजगार, महंगाई, युवाओं के भविष्य तथा जनहित से जुड़े अन्य प्रमुख मुद्दों पर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर, आम जनता को राहत और क्षेत्र के विकास के लिए प्रभावी कार्यों की जरुरत है. इन्हीं मुद्दों को लेकर उन्होंने कांग्रेस के साथ जुड़ने का फैसला लिया.
इस मौके पर विधायक इंद्रसाव ने युवाओं का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि युवा किसी भी संगठन की ताकत होते हैं. युवाओं की सक्रिय भागीदारी से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी. उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा जनता के बीच रहकर कार्य करने का आह्वान किया.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है. नवप्रवेशी युवाओं ने कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया.
पिछले कुछ महीनों से राज्य में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, और यह घटना उसी सिलसिले की एक और कड़ी मानी जा रही है.
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने नवप्रवेशी युवाओं का स्वागत किया. 8 युवाओं जिसमे संतीश साहू, दीपक खरे, संतोष साहू, चुनेश टंडन, उमराव साहू, विक्की साहू, राजा साहू, एवं ललित साहू के कांग्रेस में शामिल होने से स्थानीय संगठन में उत्साह का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर करहीबाजार कांग्रेस मंडल अध्यक्ष कोमल साहू मौजूद थे.
भाजपा से लगातार क्यों हो रहा नेताओं का मोहभंग?
27 जुलाई से 17 सितंबर के बीच तीन जिलों में कुल 156 नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा से अलग हुए. यह सिलसिला जिला और ब्लॉक स्तर के संगठन तक फैला हुआ बताया जा रहा है. विश्लेषकों के मुताबिक यह रुझान आगामी चुनावों से पहले राजनीतिक दलों के बीच जमीनी पकड़ बनाने की कोशिश का हिस्सा हो सकता है.
स्थानीय स्तर पर इस घटनाक्रम को कांग्रेस के संगठन विस्तार की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. यह घटना जमीनी स्तर पर बदलते सियासी समीकरणों की ओर इशारा करती है. छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में अभी लगभग दो साल का समय बाकी है. ऐसे में आने वाले महीनों में दोनों प्रमुख दलों के बीच कार्यकर्ताओं और नेताओं के इस तरह के आवागमन में और तेजी आने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि इसका चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ेगा. यह आने वाले समय में ही स्पष्ट हो पाएगा.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



