मोबाइल नहीं मिलने पर बीमार बेटे ने मचाया तांडव, हंसिए से माता-पिता पर जानलेवा हमला, दोनों घायल, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
Unable to find his mobile phone, a sick son went on a rampage, fatally attacking his parents with a sickle, injuring both. A sensation spread across the area, and police began investigating.
दुर्ग/भिलाई : जामुल थाना क्षेत्र में मोबाइल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. गुस्से में आए बेटे ने अपने ही माता-पिता पर हंसिए से हमला कर दिया. घटना में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पिता को भी चोटें आई हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के मुताबिक जामुल थाना क्षेत्र की कुरूद बस्ती में सोमवार सुबह करीब नौ बजे जामुल निवासी दिनेश साहू उम्र 50 साल अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू उम्र 47 साल के साथ बेटे राकेश साहू उम्र 22 साल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे. बताया जा रहा है कि राकेश का इलाज कुरुद स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
अस्पताल जाने से पहले दिनेश साहू ने बेटे राकेश से गले में बंधा धागा निकालने को कहा. इस पर राकेश ने पहले मोबाइल देने की मांग की. पिता ने बाद में मोबाइल देने की बात कही. जिससे वह नाराज हो गया.
देखते ही देखते राकेश ने आपा खो दिया और घर में रखे हंसिए से अपने पिता पर हमला कर दिया. बचाव के दौरान दिनेश साहू के पैर और पेट में चोटें आईं. हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मां खिलेश्वरी साहू पर भी राकेश ने हंसिए से वार कर दिया. हमले में उनके दाहिने हाथ की नस कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. पड़ोसियों ने काफी मशक्कत के बाद राकेश को रस्सी से बांधकर काबू किया. ताकि वह किसी और को नुकसान न पहुंचा सके.
वारदात के बाद घायल दंपति को सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद मां खिलेश्वरी साहू की हालत नाजुक होने पर उन्हें रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया. दिनेश साहू का भी इलाज मेकाहारा में चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है.
खबर मिलने के बाद जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. शुरुआती जांच में मोबाइल को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



