रायपुर में गैस एजेंसी के मैनेजर से 10 लाख की लूट, मारपीट कर नकदी से भरा बैग लेकर तीन बदमाश फरार, रेकी की आशंका, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
₹10 Lakh Robbed from Gas Agency Manager in Raipur; Three Masked Men Flee After Assault; Prior Surveillance Suspected; Police Launch Manhunt
रायपुर : राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. शनिवार शाम डीडी नगर थाना क्षेत्र में गैस एजेंसी के मैनेजर से 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने डगनिया बाजार के पास कार रुकवाकर मैनेजर के साथ मारपीट की और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए. वारदात की खबर मिलने के बाद शहर भर में नाकेबंदी कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक महोबा बाजार निवासी श्रवण साहू एक गैस एजेंसी में मैनेजर के पद पर काम करते हैं. शनिवार को वह एजेंसी के भुगतान की रकम लेने अग्रसेन चौक स्थित कार्यालय पहुंचे. वहां से करीब 10 लाख रुपये लेकर अपनी कार से टाटीबंध स्थित मुख्य कार्यालय लौट रहे थे.
इसी दौरान डगनिया बाजार के पास एक बाइक पर सवार तीन युवक उनकी कार के सामने आ गए. आरोपितों ने कार रुकवाने के बाद श्रवण साहू के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते. एक बदमाश कार के भीतर रखा नकदी से भरा बैग उठाकर फरार हो गया. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से तेजी से भाग निकले.
पुलिस शुरुआती जांच में यह भी मानकर चल रही है कि आरोपितों को नकदी ले जाने की पहले से जानकारी थी. जिस तरह से बदमाश सीधे कार तक पहुंचे और रकम से भरा बैग लेकर फरार हुए. उससे रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अंदरूनी व्यक्ति ने बदमाशों को खबर तो नहीं दी थी.
स्कार्फ से ढंका था चेहरा…
पीड़ित श्रवण साहू ने पुलिस को बताया कि तीनों बदमाशों ने अपना चेहरा स्कार्फ से ढंक रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी. घटना इतनी तेजी से हुई कि वह आरोपितों की उम्र और अन्य हुलिए के बारे में भी ज्यादा जानकारी नहीं दे सके.
मौके पर पहुंची पुलिस, खंगाले जा रहे सीसीटीवी…
वारदात की खबर मिलते ही डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और निकास बिंदुओं पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस का दावा, जल्द पकड़ेंगे आरोपित…
डीडी नगर पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं. आरोपितों के भागने के संभावित रुट की भी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि तकनीकी सबूतों और फुटेज के आधार पर जल्द ही लूट की इस वारदात का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



