महिला सरपंच को पद से हटाने और छह साल तक पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित का आदेश जारी, अतिरिक्त कलेक्टर ने खारिज कर दी अपील

An order has been issued to remove a female Sarpanch from her post and disqualify her from contesting Panchayat elections for six years; the Additional Collector has dismissed her appeal.

महिला सरपंच को पद से हटाने और छह साल तक पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित का आदेश जारी, अतिरिक्त कलेक्टर ने खारिज कर दी अपील

बिलासपुर : पंचायत की सियासत में आरक्षित सीट पर उतरना कई बार उम्मीदवारों के लिए ऐसा भारी पड़ जाता है. जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होती. बिल्हा जनपद की कोरमी ग्राम पंचायत की सरपंच सुंदरी बाई धुरी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. न सिर्फ उनकी सरपंच की कुर्सी चली गई. बल्कि उन पर अगले छह साल तक पंचायत चुनाव लड़ने पर भी पाबंदी लग गई है. अतिरिक्त कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई ने सख्त रुख अपनाते हुए उनकी अपील खारिज कर दी और उन्हें पद से हटाने के पुराने आदेश को बरकरार रखा.
मामला वर्ष 2025 के पंचायत चुनाव से जुड़ा है. जब कोरमी पंचायत का सरपंच पद अनुसूचित जनजाति (ST) महिला के लिए आरक्षित था. आरोप है कि सुंदरी बाई धुरी ने पर्चा भरा और चुनाव भी जीत गईं. इसी बीच गांव की दुर्गेश्वरी मरकाम ने उनके निर्वाचन पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की.
शिकायत में कहा गया कि सुंदरी बाई आदिवासी नहीं, बल्कि अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से ताल्लुक रखती हैं. इसके बावजूद उन्होंने आरक्षित सीट हासिल कर ली. जांच में नायब तहसीलदार की रिपोर्ट ने साफ किया कि वे अनुसूचित जनजाति वर्ग की नहीं हैं. जिसके बाद पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्रवाई कर उन्हें पद से हटाया गया और छह साल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया.
अपीलीय कोर्ट में भी झटका, पद से हटाने जारी किया आदेश
निचली अदालत की कार्रवाई के खिलाफ सुंदरी बाई धुरी ने अतिरिक्त कलेक्टर की अदालत में अपील दायर की थी. उन्होंने अपनी दलील में कहा कि उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा मौका नहीं दिया गया. शिकायत निराधार है और मामले की जांच ग्रामसभा से कराई जानी चाहिए. शिकायतकर्ता पक्ष ने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए अपील खारिज करने की मांग की. 13 नवंबर 2026 को अतिरिक्त कलेक्टर ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपील निरस्त कर दी और पद से हटाने के आदेश पर मुहर लगा दी
चार बार मिला मौका, नहीं पेश कर सकी ठोस सबूत
अतिरिक्त कलेक्टर ने जब मामले के अभिलेखों की पड़ताल की. तो सामने आया कि निचली अदालत ने सुंदरी बाई को 28 अप्रैल, 8 मई, 11 मई और 13 मई 2026 को जवाब पेश करने के चार मौके दिए थे. लेकिन वे नायब तहसीलदार की रिपोर्ट को गलत साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं दे सकीं. अतिरिक्त कलेक्टर ने अपने आदेश में कहा है. आरक्षित पद के लिए संबंधित वर्ग की वैध पात्रता जरुरी है.
जानिए छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम,1993 की धारा 40, पद से हटाने और अयोग्यता के नियम (पंचायत पदाधिकारियों को हटाने और चुनाव लड़ने की अयोग्यता से जुड़े प्रमुख प्रावधान)
हटाने के आधार (धारा 40(1)): राज्य सरकार या विहित प्राधिकारी (एसडीएम, कलेक्टर) जांच के बाद किसी पंचायत पदाधिकारी को हटा सकते हैं अगर वह कर्तव्यों के निर्वहन में कदाचार, अवचार (मिसकंडक्ट) का दोषी पाया जाए या उसका पद पर बने रहना लोकहित (जनहित) में अवांछनीय हो।
सुनवाई व जांच का अधिकार: किसी भी पदाधिकारी को बिना कारण बताओ नोटिस दिए और अपना पक्ष रखने व सबूत, सुनवाई का उचित मौका प्रदान किए बिना पद से नहीं हटाया जा सकता.
6 साल की अयोग्यता (धारा 40(2)): धारा 40(1) के तहत पद से हटाए गए व्यक्ति तत्काल अन्य पंचायत की सदस्यता से भी वंचित हो जाते हैं और आदेश के बाद 6 साल की अवधि तक पंचायत निर्वाचन लड़ने के लिए निरर्हित (अयोग्य) माने जाते हैं.
अपील व राज्य सरकार की शक्ति: धारा 40 के आदेश के खिलाफ संबंधित पदाधिकारी नियमानुसार वरिष्ठ प्राधिकारी, अपीलीय अदालत में अपील कर सकते हैं. राज्य सरकार को लिखित कारण दर्ज कर विशेष परिस्थितियों में अयोग्यता खत्म करने या उसकी अवधि घटाने का अधिकार है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb