16 साल पहले खाट पर सोते देखा ड्राइवर संग, कैरेक्टर पर शक का भुत सवार, 75 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी ने पत्नी को कुल्हाड़ी से वार कर ली जान
16 years ago, after seeing her sleeping on a cot with a driver, a 75-year-old retired employee, suspicious of her character, killed his wife with an axe.
बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां 75 वर्षीय बुजुर्ग ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी 74 साल की पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. पुलिस ने बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है. वहीं, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठरकी की है.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी ठिभू केरकेट्टा खनिज विभाग के अंबिकापुर कार्यालय में पहले सर्वेयर था. अब रिटायरमेंट के बाद घर रह रहा था. वर्ष 2009 में विभाग का एक ड्राइवर उसके साथ ग्राम ठरकी आया था. उसी दौरान ठिभू ने अपनी पत्नी महेश्वरी को कथित रुप से उस ड्राइवर के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था.
कुल्हाड़ी से वारकर हत्या
इस घटना ने पति-पत्नी के रिश्ते में गहरा अविश्वास और तनाव पैदा कर दिया था. वर्षों बीत जाने के बाद भी यह घटना आरोपी के मन से नहीं निकली और उनके बीच आए दिन विवाद होता रहता था. मंगलवार देर रात यही पुराना विवाद फिर उभर आया. बताया जाता है कि रात करीब 1 बजे ठिभू और उसकी पत्नी महेश्वरी के बीच चरित्र को लेकर बहस शुरु हुई. बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर ठिभू ने पास पड़ी कुल्हाड़ी उठा ली और पत्नी पर वार कर दिया. कुल्हाड़ी का घातक प्रहार पत्नी के बाएं कान के पास लगा. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मर्डर के बाद बेटी को किया फोन
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने सबसे पहले अपनी बेटी अनिता तिर्की को फोन किया और उसे पूरी घटना की जानकारी दी. यह सुनते ही अनिता ने अपने भाई सुनील को खबर दी. जो घटनास्थल से लगभग 150 मीटर की दूरी पर अपने परिवार के साथ रहता है.
सुनील जैसे ही घर पहुंचा. आरोपी ने दरवाजा खोला. कमरे की लाइट जलाने पर उसने देखा कि उसकी मां पलंग के नीचे खून से लथपथ पड़ी थी. आसपास खून फैला हुआ था और उसके सिर पर कुल्हाड़ी का गहरा घाव दिखाई दे रहा था. परिजनों ने जब आरोपी से पूछा तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
इसके बाद परिवार वालों ने फौरन पुलिस को खबर दी. मौके पर राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह और उनकी टीम पहुंची. आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस की शुरुआती जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि 2009 की घटना के बाद आरोपी पत्नी से नफरत करने लगा था. पुलिस अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



