भेल खाने पहुंचे कांग्रेस नेता के बेटे पर चाकू से जानलेवा हमला, तीन युवक घायल, एक की हालत नाजुक, फैली सनसनी, सभी आरोपी फरार
A Congress leader's son, who had gone to eat Bhel, was attacked with a knife, three youths were injured, one is in critical condition, sensation spread, all the accused are absconding.
बिलासपुर : न्यायधानी में चाकूबाजी की एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित लखीराम ऑडिटोरियम के पास भेल खाने के दौरान हुए विवाद में तीन युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया. इस हमले में आदित्य प्रताप श्रीवास, जो वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे हैं. गंभीर रुप से घायल हो गए. यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक आदित्य अपने दो दोस्तों के साथ ऑडिटोरियम के पास पहुंचे थे. वहीं पहले से मौजूद युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता, निखिल नागवानी और उनके एक अन्य साथी से किसी बात को लेकर कहासुनी शुरु हो गई. विवाद बढ़ते ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी.
आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने चाकू निकालकर कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे आदित्य प्रताप श्रीवास और उनके दोस्तों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. इस हमले में आदित्य गंभीर रुप से घायल हो गए. जबकि उनके दो अन्य साथियों को भी चोटें आई हैं. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. खबर मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. आदित्य का इलाज किम्स अस्पताल में जारी है. जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
इससे पहले भी आदित्य और उसके दोस्तों के बीच युग व वेदांत गुट से विवाद हुआ था. दोनों पहले कोनी में फिर कुछ दिनों बाद राजेंद्रनगर चौक में भिड़े थे. दोनों बार मामला गाली-गलौज और मारपीट तक ही सीमित रहा. लेकिन, तीसरी बार उनका विवाद खूनी संघर्ष और चाकूबाजी तक पहुंच गया.
थाना प्रभारी एस.आर. साहू के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
सार्वजनिक स्थल पर हुई इस वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आए दिन मामूली विवादों में हथियारों का इस्तेमाल होना कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



