जीजा ने मामूली विवाद पर साले को उतारा मौत के घाट, जलाकर जंगल में फेंका लाश, पुलिस ने बरामद किया कंकाल, आरोपी खेलसाय गिरफ्तार
A brother-in-law killed his brother-in-law over a minor dispute, burning him and dumping the body in the forest. Police recovered the skeleton and arrested the accused, Khelsai.
कोरिया/सूरजपुर : कोरिया जिले के गोल्हाघाट में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रुप ले लिया. जब युवक टेकराम भगत उम्र 47 साल की उसकी बहन के घर में ही बहनोई खेलसाय सिंह ने हत्या कर दी और शव को जलाकर जंगल में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रामानुजनगर थाना में केस दर्ज किया
मिली जानकारी के मुताबिक टेकराम भगत सूरजपुर जिले के ग्राम तेंदूपारा का निवासी था. वह 25 दिसंबर 2025 को अपनी छोटी बहन संतरा सिंह के घर मेहमानी करने गया था और कुछ दिनों तक वहीं रुका. 4 जनवरी 2026 को वह वापस घर जाने के लिए बहनोई खेलसाय सिंह के साथ निकला. लेकिन घर नहीं लौटा.
भाई के घर न लौटने पर बहन संतरा सिंह और परिवार ने उसकी खोजबीन शुरु की. संतरा सिंह ने बैकुंठपुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने जांच शुरु की और पाया कि गुमशुदा टेकराम अपने बहनोई के साथ घर से निकला था. खेलसाय से पूछताछ में वह बार-बार बयान बदल रहा था.
कड़ी पूछताछ के बाद खेलसाय ने हत्या करना कबूल किया और बताया कि उसने शव को जला कर जंगल में फेंक दिया. खेलसाय ने बताया कि 4 जनवरी को दोनों तिवरागुड़ी, चोरकीपानी पहुंचे. जहां मामूली विवाद हुआ. गुस्साए खेलसाय ने गमछे से टेकराम का गला घोंट दिया. उसकी मौत हो गई और उसने शव को छिपा दिया. रात में आरोपी ने शव को अपने घर के पीछे की बाड़ी में ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाया और मिट्टी और सूखे पत्तों से ढक दिया.
6 जनवरी को खेलसाय ने शव को घुटरी पहाड़ की खाई में फेंक दिया. 10 जनवरी को उसने मृतक के जले हुए जैकेट और गला घोटने में इस्तेमाल गमछे को प्लास्टिक बोरे में भरकर रघुवीरपुर प्लांटेशन जंगल में जला दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घुटरी पहाड़ के जंगल से मृतक का जला हुआ कंकाल बरामद किया. घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र की होने के कारण केस डायरी उसी थाना को भेजी गई.
थाना प्रभारी रामानुजनगर अलरिक लकड़ा ने बताया कि पुलिस ने खेलसाय सिंह उम्र 34 साल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है. इस घटना ने स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस ने कहा कि मामूली विवाद पर हुई इस हत्याकांड से सभी को सावधान रहने और कानून का पालन करने की सीख मिलती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



