मंदिर के पास मेला कार्यक्रम में चाकू से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, इधर मेले में मर्डर, पुलिस की हिरासत में एक संदेही, पूछताछ जारी

A deadly knife attack occurred at a fair near a temple, two suspects arrested. Meanwhile, a murder occurred at a fair, with a suspect in police custody and interrogation ongoing.

मंदिर के पास मेला कार्यक्रम में चाकू से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, इधर मेले में मर्डर, पुलिस की हिरासत में एक संदेही, पूछताछ जारी

खरोरा (रायपुर ग्रामीण) : थाना खरोरा क्षेत्र अंतर्गत मढ़ई मेला कार्यक्रम के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने घटना दिनांक से फरार चल रहे दो आरोपियों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अजीत घृतलहरे (उम्र 24 साल) निवासी मूरा वार्ड क्रमांक-16 और ईश्वर उर्फ बिट्टू टंडन (उम्र 19 साल) निवासी नवागांव वार्ड क्रमांक-09, थाना खरोरा, जिला रायपुर शामिल हैं. आरोपी अजीत घृतलहरे के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू जप्त किया गया है.
पुलिस ने बताया कि दिनांक 23-24 जनवरी  की दरम्यानी रात ग्राम रायखेड़ा के चितावर मंदिर के पास मढ़ई मेला कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान वाहन हटाने को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि काली स्कॉर्पियो वाहन में आए आरोपी कुछ देर बाद दोबारा लौटे और गाली-गलौज करते हुए चन्द्रकांत वर्मा पर धारदार चाकू से पेट में हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रुप से घायल होकर गिर पड़ा.
इसके अलावा आरोपियों द्वारा प्रार्थी पर भी चाकू से सिर, कान, जांघ और घुटने पर जानलेवा हमला किया गया. घटना के बाद थाना खरोरा में अपराध क्रमांक 48/26 दर्ज कर विवेचना शुरु की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू और स्कॉर्पियो वाहन जप्त कर एक नाबालिग समेत आठ आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था. वारदात के बाद से फरार चल रहे अजीत घृतलहरे और ईश्वर उर्फ बिट्टू की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई. जिन्हें अब गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

चितावर मंदिर मेले में चाकूबाजी, युवक की मौतआरोपी हिरासत में, विवाद का कारण अज्ञात

भाटापारा/सिमगा : सिमगा अंतर्गत ग्राम कामता स्थित चितावर मंदिर के पास आयोजित मेले के दौरान शनिवार 1 फरवरी 2026 को रात करीब 8 बजे मेले के दौरान ग्राम कामता निवासी राहुल यादव (उम्र करीब 20 साल) पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा चाकू से हमला किए जाने की खबर पुलिस को मिली. घायल हालत में राहुल यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मेले का माहौल शोक में बदल गया
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मृतक राहुल यादव पर हेमंत यादव उर्फ मसान (उम्र करीब 25 साल), निवासी ग्राम कामता, थाना सिमगा ने चाकू से हमला किया है. हमले में राहुल के शरीर पर गंभीर चोटें आईं. जो उसकी मौत की वजह बनी. वारदात के पीछे की वजह फ़िलहाल साफ नहीं हो सकी है.
थाना सिमगा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी हेमंत यादव उर्फ मसान को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. साथ ही वारदात में अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर भी जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक मामला गंभीर है और मामले की जांच जारी है. वारदात के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB