खाना बनाने को लेकर विवाद, पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी रेंगा गिरफ्तार, तीन छोटे बच्चों के सर से उठ गया मां का साया
A dispute over cooking led to the husband's murder of his wife, the accused, Renga, being arrested, leaving three young children without a mother.
जगदलपुर : बस्तर जिले के करमरी गांव में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली. खाना बनाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने रिश्ते की मर्यादाओं को तोड़ते हुए घरेलू हिंसा का रुप ले लिया और एक महिला की मौत हो गई. घटना में पति रेंगा बघेल ने अपनी पत्नी पूर्णिमा उर्फ फुरनी बघेल उम्र 29 साल की पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस दुखद घटना से उनके तीन छोटे बच्चों का मां का साया उठ गया.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतका की शादी करीब 15 साल पहले रेंगा बघेल से हुई थी और तीन छोटे बच्चों की मां थी. वारदात के दिन खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ. आरोप है कि गुस्से में रेंगा बघेल ने लकड़ी के बत्ते से अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा. परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली. तो वे मौके पर पहुंचे. जहां फुरनी घर के भीतर मृत पाई गई. उसके सिर और नाक पर गंभीर चोट के निशान थे.
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरु की. मौके से हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का बत्ता भी बरामद किया गया.
पुलिस ने आरोपी रेंगा बघेल उम्र 37 साल निवासी करमरी भाटागुड़ा को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि पत्नी पिछले दो-तीन दिनों से उसे सुनाती रहती थी और इसी बात पर उसने गुस्से में हमला कर दिया.
वारदात ने गांव और परिजनों में खलबली मचा दी. ग्रामीण और परिजन इस अचानक हुई हिंसक घटना से हैरान हैं. पुलिस ने कत्ल के मामले में धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
पति-पत्नी के बीच पहले भी घरेलू झगड़े होते रहे हैं. लेकिन इतनी हिंसा किसी ने कल्पना नहीं की थी. पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि क्या घटना में किसी बाहरी व्यक्ति या किसी और कारण का योगदान था.वारदात की जांच जारी है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



