फर्जी ACB अफसर ने असली आबकारी अधिकारी को लगाया फोन, पुलिस ने 6 बोतल शराब और नकदी मांगने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

A fake ACB officer called a genuine excise official; the police arrested three accused individuals who had demanded six bottles of liquor and cash, and subsequently sent them to jail.

फर्जी ACB अफसर ने असली आबकारी अधिकारी को लगाया फोन, पुलिस ने 6 बोतल शराब और नकदी मांगने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

सरगुजा : सरगुजा पुलिस ने खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताकर जिला आबकारी अधिकारी से शराब और नकद रकम मांगने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने निरीक्षण के नाम पर छह बोतल शराब और नगद रकम उपलब्ध कराने का दबाव बनाया था. लेकिन आबकारी अधिकारी ने कॉल को संदिग्ध मानते हुए फौरन पुलिस को खबर दे दी.
फोन कर बनाया ACB अधिकारी का दबाव
मिली जानकारी के मुताबिक जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 27 जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर कॉल कर खुद को ACB अधिकारी बताया. उसने कहा कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आ रहे हैं और उनके लिए रेस्ट हाउस में भोजन की व्यवस्था की जा रही है. इसी बहाने फुरन छह बोतल शराब और नगद रकम उपलब्ध कराने की मांग की गई.
तकनीकी जांच से तीन आरोपी गिरफ्तार
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर थाना पुलिस ने फौरन जांच शुरू की. तकनीकी सबूतों और मुखबिर की खबर के आधार पर पुलिस ने सौरभ प्रजापति उम्र 24 साल को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने अपने दो साथियों राजेशपुरी गोस्वामी उम्र 43 साल और रंजीत गुप्ता उम्र 40 साल के साथ मिलकर पूरी साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली.
‘आज शराब का पैसा नहीं देंगे’ से बना प्लान
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी एक शराब दुकान पर मिले थे. वहीं उन्होंने प्लान बनाई कि शराब का भुगतान नहीं करेंगे और आबकारी अधिकारी को फर्जी ACB अधिकारी बनकर फोन करेंगे. आरोप है कि सौरभ प्रजापति ने खुद को ACB अधिकारी बताते हुए डर का माहौल बनाकर छह बोतल शराब और नगद रकम दिलाने का प्रयास किया.
आगे की जांच जारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में सबूत जुटाने और अन्य संभावित पहलुओं की जांच जारी है. सरगुजा पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?