भाजपा महिला नेता की गोली लगने से मौत, घर के बाहर विवाद सुलझाने पर हुआ हादसा, इधर महिला पंच का पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव, गांव में सनसनी
A female BJP leader died after being shot. The incident occurred while trying to resolve a dispute outside her home. Meanwhile, the body of a female Panch was found hanging from a tree, causing a sensation in the village.
महिला पंच का पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव
सरगुजा/लखनपुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अमगसी बूढ़ा नवापारा में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला पंच का शव जंगल में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर जुट गए. मृतका की पहचान सनीता पैकरा पति आलोक पैकरा उम्र 25 साल निवासी ग्राम अमगसी के रूप में हुई है. वह ग्राम पंचायत में पंच के पद पर कार्यरत थीं. घटना की खबर मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
मिली जानकारी के मुताबिक सनीता पैकरा रविवार तड़के करीब 5 बजे घर से यह कहकर निकली कि वह जंगल से लकड़ी लेने जा रही हैं. इसके बाद वह काफी देर तक वापस नहीं लौटीं. जिससे परिजन परेशान हो गए और उनकी तलाश शुरु की गई.
परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की. जिसके बाद गांव के पास स्थित जंगल में एक पेड़ से उनका शव फंदे पर लटका हुआ मिला. जैसे ही यह खबर गांव में फैली, बड़ी तादाद में लोग मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने फौरन इसकी खबर पुलिस को दी.
लखनपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. अभी यह साफ नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है. पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असल वजह का पता चल सकेगा. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
ग्रामीणों के मुताबिक सनीता पैकरा सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहती थीं. पंचायत स्तर पर कई जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही थीं. उनके अचानक इस तरह से निधन से पूरा गांव हैरान है. पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरु कर दी है. ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को समझा जा सके. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं कोई दबाव या अन्य परिस्थिति तो इस घटना से जुड़ी नहीं है.
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से जरुरी सबूत इकठ्ठा किए गए. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और हर संभव पहलू की गहराई से पड़ताल की जाएगी. इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चिंता और चर्चा का माहौल बना दिया है. लोग इस बात से आहत हैं कि एक युवा पंचायत प्रतिनिधि की इस तरह संदिग्ध हालत में मौत हो गई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t
भाजपा महिला नेता की गोली लगने से मौत
जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ महिला नेता और पूर्व पार्षद प्रत्याशी संगीता रजक की गोली लगने से संदिग्ध हालत में मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा देर रात न्यू शोभापुर इलाके में उस समय हुआ, जब वे अपने घर के बाहर हो रहे एक विवाद को शांत कराने और उपद्रवियों को खदेड़ने का प्रयास कर रही थीं. इस घटना से पूरे राजनीतिक हलके और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक रात करीब 1 से 2 बजे के बीच संगीता रजक के घर के बाहर कुछ असामाजिक तत्व गाली-गलौज और भारी शोर-शराबा कर रहे थे. आधी रात को अचानक जोरदार हंगामा सुनकर संगीता रजक अपने पति बंटी रजक (पूर्व विधायक प्रतिनिधि) के साथ घर से बाहर आईं. जब दोनों ने उपद्रवियों को फटकार लगाते हुए वहां से जाने को कहा तो माहौल अचानक और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया और उपद्रवी उलझने लगे.
चश्मदीदों के मुताबिक बाहर के हालात बिगड़ता देख संगीता रजक अचानक घर के भीतर गईं और लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर आ गईं. इसी बीच भारी हड़बड़ाहट, धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी के माहौल में अचानक पिस्टल का ट्रिगर दब गया. गोली सीधे संगीता के पेट में जा धंसी और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं. परिजन उन्हें बेहद नाजुक हालत में एक प्राइवेट अस्पताल ले गए. लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया
दुर्घटनावश गोली चलने का अंदेशा, जांच में जुटी रांझी पुलिस
घटना की खबर मिलते ही रांझी थाना पुलिस सहित जिले के आला अधिकारी मौके पर और अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. शुरुआती जांच और फोरेंसिक सबूतों के आधार पर पुलिस इसे दुर्घटनावश गोली चलने (मिसफायर) का मामला मान रही है. हालांकि देर रात वहां विवाद करने वाले लोग कौन थे और उस हंगामे की असल वजह क्या थी, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस बारीकी से तफ्तीश कर रही है.
बता दें कि संगीता रजक ने पिछले नगरीय निकाय चुनाव में गोकलपुर वार्ड से भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ा था. जिसमें वे हार गई थीं. वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थीं और आगामी चुनावों के लिए भी सक्रिय रूप से तैयारी कर रही थीं. उनके पति बंटी रजक भी क्षेत्र के रसूखदार नेता हैं और पूर्व विधायक प्रतिनिधि रह चुके हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



