पहचान और भरोसे का नाजायज फायदा, जेवरात चोरी का खुलासा, सहेली के घर से आभूषण चोरी की आरोपी महिला गिरफ्तार, डेढ़ लाख के जेवर बरामद
Illegible advantage of identity and trust, jewelry theft revealed, woman accused of stealing jewelry from friend's house arrested, jewelry worth 1.5 lakh recovered
कांकेर : पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है. जिसने पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर घर में रखे सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के जेवरात बरामद किए हैं. जिसकी कीमत करीब 1 लाख 63 हजार रुपये आंकी गई है. यह मामला नरहरपुर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक बरेठिनबाहरा निवासी दिवस कुंजाम अपनी पत्नी के साथ नरहरपुर साप्ताहिक बाजार गया था. घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने ड्रेसिंग टेबल में रखी आलमारी की चाबी निकालकर लॉकर खोला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिया. अगले दिन सुबह चोरी का पता चलने पर पीड़ित ने 25 मई को नरहरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस ने जांच के दौरान पीड़ित परिवार के परिचितों और घर आने-जाने वालों से पूछताछ की. इसी दौरान शक के आधार पर दिवस कुंजाम की पत्नी की सहेली चन्द्रकला मरकाम से पूछताछ की गई. पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात कबूल कर लिया. उसने बताया कि घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर उसने आलमारी की चाबी निकालकर लॉकर से जेवरात चोरी किए और अपने घर में छिपाकर रख दिया.
आरोपी के कब्जे से दो नग सोने के झुमके, एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने के दाने, दो सोने के लॉकेट और एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई. बरामद जेवरातों की कुल कीमत 1 लाख 63 हजार 350 रुपये आंकी गई है. पुलिस ने आरोपी चन्द्रकला मरकाम को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



