अभनपुर-राजिम मार्ग में कार और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर, बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम
A fierce collision between a car and a motorcycle on the Abhanpur-Rajim road, two bike riders died a painful death, mourning spread in the family
अभनपुर : अभनपुर-राजिम मार्ग (नेशनल हाईवे 130सी) पर गातापार नहर के पास एक कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक अभनपुर में टाइल्स फिटिंग का काम करने वाले भोजराज साहू उम्र 38 साल निवासी भेंडरी और उनके सहयोगी लक्की साहू उम्र 19 साल निवासी बजरंगपुर एक ही मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही कार नम्बर CG04 NK 3234 ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी. भोजराज साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि गंभीर रुप से घायल लक्की साहू को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान रात 2 बजे उसकी भी मौत हो गई.
चश्मदीदों के मुताबिक कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी और टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरा. दोनों युवक अपने सही साइड में सावधानीपूर्वक वाहन चला रहे थे. खबर मिलते ही अभनपुर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने और कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन जप्त करने की कार्रवाई की.
यह सड़क हादसा फिर एक बार अधूरे सड़क निर्माण और ठेकेदारों की लापरवाही को उजागर करता है. अभनपुर से राजिम मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क निर्माण काम अभी भी अधूरा पड़ा है. जिस स्थान पर यह हादसा हुआ. वहां पुरानी और नई सड़कें आपस में मिलती हैं. लेकिन न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही कोई सुरक्षात्मक व्यवस्था थी.
स्थानीय लोगों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. बावजूद इसके प्रशासन और संबंधित विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



